कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हनुमान चालीसा बजाने पर कुछ लोगों ने एक दुकानदार की पिटाई कर दी। हमलावरों का आरोप है कि दुकानदार अजान के समय तेज आवाज में हनुमान चालीसा बजा रहा था। उधर मामले में बेंगलुरु पुलिस ने सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि सभी संदिग्धों की उम्र 20 से 25 साल के बीच है। उन्होंने बताया कि दुकानदार के तेज आवाज में ‘हनुमान चालीसा’ बजाने को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने कहा कि उन्हें आरोप के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं मिला और शिकायत में भी इसका जिक्र नहीं है।
एफआईआर के अनुसार, तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। यह घटना रविवार शाम को हलासुरू गेट पुलिस थाना क्षेत्र में कब्बनपेट इलाके के सिद्दन्नागल्ली में हुई। इस घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर आया। इसमें युवाओं का एक समूह तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर दुकानदार से झगड़ता दिख रहा है।
पुलिस के मुताबिक, प्रतीत होता है कि दुकानदार ने अजान के समय तेज आवाज में संगीत बजाया। इससे अल्पसंख्यक समुदाय के युवा नाराज हो गए। वे दुकानदार से इस बारे में बात करने गए और उनके बीच तीखी बहस हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर हमने हलासुरू पुलिस थाने में एक एफआईआर दर्ज की है और घटना के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।