प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमुई से लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। मोदी इस दौरे में बिहार के मतदाताओं के बीच कई संदेश छोड़ गए। गठबंधन के तमाम दलों के शीर्ष नेताओं को एक मंच पर लाकर पीएम नरेंद्र मोदी ने मजबूत स्वर में एकजुटता का संदेश तो दिया ही, जंगलराज और नक्सलवाद का जिक्र कर कांग्रेस और राजद के कार्यकाल के शासन काल की धज्जियां भी उड़ा गए। पीएम ने एनडीए को विकास के पैमाने का वाहक बनाते डबल इंजन की सरकार की जरूरत भी बता गए।
जमुई लोकसभा से चुनावी आगाज कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह संदेश देने में कामयाब रहे कि गठबंधन धर्म के प्रति वह कितना सचेत और सक्रिय रहते हैं। उनके इस आगमन ने कई किंतु परंतु सवालों का जवाब भी दे गए। जमुई से चिराग पासवान का न लड़ना वहां के मतदाताओं को नाराज कर गया था। ऐसे मतदाता एक बार फिर उत्साहित होकर चिराग की गलती को भूलकर एनडीए के पक्ष में मतदान करेंगे। पहली बार जमुई से लोकसभा चुनाव लड़ रहे अरुण भारती का मनोबल पीएम के इस दौरे से बढ़ेगा और वह और भी सक्रियता के साथ मिशन 40 को सफल बनाने में लग जायेंगे।