सऊदी अरब ने कश्मीर पर पाकिस्तान को दिया झटका, खुलकर लिया भारत का पक्ष

 सऊदी अरब ने कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद ने कश्मीर को भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मुद्दा बताया है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा है कि इस मुद्दे को भारत और पाकिस्तान को बातचीत के जरिए सुलझाना होगा। क्राउन प्रिंस का यह बयान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की रियाद यात्रा के दौरान एक ज्वाइंट स्टेटमेंट में आया है। पाकिस्तान अब तक कश्मीर मुद्दे को लेकर संयुक्त राष्ट्र के तत्वाधान में जनमत संग्रह का राग अलापता रहा है। लेकिन, भारत शुरू से ही इस मुद्दे को लेकर द्विपक्षीय बातचीत का समर्थन करता है। हालांकि, आतंकवाद को लेकर भारत और पाकिस्तान में पिछले कई साल से राजनयिक संबंध निचले स्तर पर हैं।

सऊदी अरब ने संयुक्त बयान में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों के बीच लंबित मुद्दों, विशेष रूप से जम्मू और कश्मीर विवाद को हल करने के लिए पाकिस्तान और भारत के बीच बातचीत के महत्व पर जोर दिया। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और शहबाज शरीफ की मुलाकात के बाद सऊदी अरब और पाकिस्तान ने साझा वक्तव्य में कहा, शहबाज शरीफ और मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद ने 7 अप्रैल 2024 को मक्का अल-मुकर्रमा के अल-सफा पैलेस में एक आधिकारिक बैठक की।

साझा वक्तव्य की शुरुआत में, क्राउन प्रिंस ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पदभार संभालने पर बधाई दी और उनके कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त कीं। बदले में, शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के दृढ़ समर्थन और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया, और द्विपक्षीय संबंधों और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights