‘नवरात्र में मछली खाकर क्या संदेश देना चाहते हैं’, तेजस्वी यादव पर अब राजनाथ सिंह ने साधा निशाना

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को जमुई में एनडीए प्रत्याशी अरुण भारती के लिए चुनावी रैली की। रैली में राजनाथ सिंह ने जहां लालू यादव परिवार पर निशाना साधा, वहीं दावा किया कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार भी भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना राजनाथ सिंह ने ‘नवरात्रि के दौरान मछली खाने’ की बात का जिक्र करते हुए कहा, ‘आप मछली, सूअर या हाथी खा सकते हैं, लेकिन ऐसे समय में जब लोग व्रत कर रहे हों, तब आप अपने कृत्य का दिखावा करके क्या साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि चारा खाने वाले परिवार के लोग नवरात्र के दौरान हेलीकॉप्टर में बैठकर मछली खाकर क्या संदेश देना चाहते हैं। ये लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि अभी से ही पीएम मोदी को विदेशों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए निमंत्रण मिल रहे हैं, जो इस बात का पुख्ता सबूत है कि दुनिया मानती है कि सत्ता में मोदी की वापसी अपरिहार्य है। रक्षा मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक ऐसी शक्ति बन गया है, जो सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने में सक्षम है, जैसा कि सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान देखा गया था।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘भारत के वैश्विक कद में वृद्धि का एक और उदाहरण सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारियों (कतर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी) की मोदी की ओर से कतर के प्रमुख को एक टेलीफोन कॉल के बाद की रिहाई है। राजनाथ सिंह ने संकल्प पत्र पर कहा, ‘अन्य पार्टियों के विपरीत हम जो वादे करते हैं, उन्हें पूरा करते हैं। चाहे वह अयोध्या में राम मंदिर हो या अनुच्छेद 370 को निरस्त करना हो।’ तीन तलाक के खिलाफ कानून का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा, ‘हमने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की आलोचनाओं की परवाह किए बिना इस अमानवीय प्रथा, जिससे हमारी मुस्लिम माताओं और बहनों को अनकहा दुख झेलना पड़ता था, पर रोक लगा दी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights