‘मेरा बेटा तो होली के बाद कमाने गया था…’, सलमान के घर फायरिंग करने वाले शूटर्स के मां-बाप के उड़े होश

बॉलीवुड सुपरस्‍टार सलमान खान के घर पर गोलीबारी करने वाले दोनों शूटर्स को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों की पहचान विक्की साहब गुप्ता और सागर जोगेंद्र पाल के रूप में हुई है। दोनों को ही क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार सुबह मुंबई लेकर आ गई है। अब दोनों की कोर्ट में पेशी होगी। विक्‍की और सागर, दोनों ही बिहार के पश्‍च‍िम चम्‍पारण के बेतिया के रहने वाले हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर सुनकर अब उनके गांव में हर कोई दंग है। पुलिस विक्‍की के पिता और सागर के भाई समेत तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उनका कहना है कि उन्‍हें खबर यकीन नहीं हो रहा, क्‍योंकि उनके बच्‍चे तो होली के बाद कमाने के लिए जालंधर शहर गए थे।

अहमदाबाद पुलिस ने 24 साल के विक्‍की साहब गुप्‍ता और 21 साल के सागर जोगेंद्र पाल को भुज से गिरफ्तार किया है। पुलिस को लोकल इंटेल‍िजेंस से खबर मिली थी कि दोनों माता के मंदिर में छुपे हुए हैं। इसके बाद आधी रात को पुलिस ने गोपनीय तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया और दोनों को 1 बजे के करीब धर दबोचा। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने कुबूल किया है कि रविवार की सुबह गैलेक्‍सी अपार्टमेंट के बाहर वारदात को अंजाम देने के बाद वह मुंबई से फरार होकर गुजरात पहुंच गए थे। उन्‍होंने इस दौरान हमले में इस्‍तेमाल बंदूक को सूरत के नदी में फेंक दिया।

गांव के लोग बोले- अच्‍छे लड़के थे विक्‍की-सागर, हम हैरान हैं

इधर, दोनों की गिरफ्तारी के बाद बिहार के बेतिया के गौनाहा थाना क्षेत्र में गहमागहमी है। ये दोनों इसी इलाके के महसी गांव के रहने वाले हैं। बेतिया पुलिस विक्की के पिता साहब साह और सागर के भाई सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं। गांव में विक्‍की और सागर की गिरफ्तारी की खबर आग की तरह फैली है और हर कोई दंग है। किसी को यकीन नहीं हो रहा है कि उनके गांव के बच्‍चे इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पकड़े गए लडकों का स्वभाव ठीक था। दोनों कैसे इस वरदात में शामिल हो गए, इससे वो अचंभित हैं।

हिरासत में बोले शूटर्स के मां-बाप – वो कमाने के लिए गए थे

पूछताछ में सागर के पिता जोगेन्द्र साह ने बताया वो मजदूरी कर गुजारा करते हैं। सागर उनका बड़ा बेटा है और वह घर से यही कहकर गया था कि वह कमाने के लिए जालंधर जा रहा है। आरोपी विक्की की मां ने पुलिस को बताया कि उनका लडका काम करने के लिए होली के बाद बाहर गया था। कल रात को उन्‍हें न्यूज के माध्यम से जानकारी मिली है कि पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

सलमान के घर पर 7 सेकेंड में दागी चार गोलियां

रविवार की सुबह 4:55 बजे आरोपी विक्‍की और सागर मोटरसाइकिल पर सवार होकर सलमान खान के घर के बाहर पहुंचे थे। दोनों ने हेलमेट लगा रखा था और चलती बाइक से उन्‍होंने 7 सेकेंड में सलमान के घर पर दनादन 4-5 गोलियां दागीं। इसके बाद वह अंधेरे में फरार हो गए। सलमान के घर की दीवार पर दो गोलियों के निशान मिले हैं, जबकि एक गोली बालकनी में लगे नेट को छेदकर अंदर घर में जा गिरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights