सोनी लिव की सुपरहिट और थ्रिलर सीरीज ‘अनदेखी’ के पहले दो सीजन हिट रहे थे और अब इसका तीसरा सीजन आ रहा है। मेकर्स ने इसका ट्रेलर और रिलीज डेट जारी कर दी है। इस वेब सीरीज की कहानी हिमाचल प्रदेश के मनाली में रहने वाले अटवाल परिवार की है। इस परिवार के मुखिया को सब पापाजी कहते हैं। सीरीज में पापा जी ने नशे में धुत होकर अपने ही बेटे की शादी में नाचने वाली एक लड़की को गोली मार दी थी। खूब खून-खराबा हुआ था और इसकी पूरी कहानी दो सीजन में देखने को मिली।
अब Andekhi के सीजन 3 में ये खून-खराबा जारी रहेगा। पापा जी अब और खतरनाक अवतार में नजर आएंगे। तीसरे सीजन में मुश्किल तब होगी, जब अटवाल परिवार का अतीत उसके सामने आकर खड़ा हो जाएगा। साथ ही वह पारिवारिक राजनीति से भी जूझता नजर आएगा। ‘अनदेखी 3’ का ट्रेलर काफी दिलचस्प है। इसमें अटवाल परिवार के कई खुलासों के साथ-साथ पापाजी बने हर्ष छाया का भी एक नया रूप देखने को मिल रहा है।
‘अनदेखी 3’ का ट्रेलर देखकर लग रहा है कि दर्शकों के लिए एक नए कलेवर का एडवेंचर देखने को मिलने वाला है। हालांकि इसमें ऐसा खून-खराबा भी होगा, जो दिल दहला देगा। अब देखना यह होगा कि सत्ता और अस्तित्व इस खेल में कौन बाजी जीतेगा।