पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दादर स्थित शिवाजी पार्क मैदान पर बीजेपी गठबंधन दल महायुति की चुनावी जनसभा हो रही है। इसके लिए राज ठाकरे की मनसे की ओर से मैदान बुक किया गया है। बीएमसी ने भी जनसभा के लिए अनुमति दी है। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मनसे प्रमख राज ठाकरे भी हैं।
लोकसभा चुनाव के पांचवें और महाराष्ट्र में अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दादर स्थित शिवाजी पार्क मैदान पर बीजेपी गठबंधन दल महायुति की चुनावी जनसभा हो रही है। सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई शहर सिर्फ सपने देखता नहीं, उन्हें जीता भी है। इस सपनों के शहर में मैं 2047 का सपना लेकर आया हूं। एक सपना, एक संकल्प, विकसित भारत बनाने का। इसमें मुंबई की बहुत बड़ी भूमिका रहने वाली है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के बाद गांधी जी की सलाह पर अगर कांग्रेस को भंग कर दिया होता तो आज भारत कम से कम पांच दशक आगे होता। आजादी के बाद भारत की सभी व्यवस्थाओं का जो कांग्रेसीकरण हुआ उसने देश के पांच दशक बर्बाद किए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि जबसे आपने इस सेवक को काम दिया तो 10 साल में आज देश 11वें नंबर से दुनिया की 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बनकर खड़ा है। आज भारत में मुंबई में रिकॉर्ड इनवेस्टमेंट आ रहा है और मेरी गारंटी है कि कुछ ही सालों में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बन जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि मैं गारंटी देता हूं कि मैं आपको विकसित भारत देकर जाने वाला हूं। इसलिए मोदी 24×7 for 2047 के मंत्र के साथ… हर पल आपके नाम, हर पल देश के नाम… जी जान से जुटा है।