इटारसी रेलवे जंक्शन पर क्या जूठे डिस्पोजल को धोकर होता है खाने की सप्लाई? वीडियो हो रहा वायरल

 एमपी के सबसे बड़े रेलवे जंक्शन इटारसी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। देश के चारों कोनों से जोड़ने वाले रेलवे स्टेशन पर फूड वेंडर डिस्पोजल कंटेनर को धोकर इस्तेमाल करते हैं। यह डिस्पोजल सिर्फ एक बार यूज के लिए होता है। डिस्पोजल कंटेनर को धोते हुए वीडियो वायरल है। इस वीडियो को देखने के बाद आप ट्रेनों में खाना लेने से परहेज करेंगे।दरअसल, इटारसी रेलवे स्टेशन पर लाइसेंसी कैटरिंग ठेकेदार ही पैक्ड फूड (खानपान) यात्रियों को सप्लाई करते हैं। इसके अलावा स्टेशन पर अवैध वेंडर भी जीआरपी की मिलीभगत से खाने पीने के आइटम सप्लाई करते हैं। लेकिन देश के इस बड़े रेलवे स्टेशन पर ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि फूड पैकेजिंग के लिए उपयोग किए जाने वाले डिस्पोजल कंटेनर को उपयोग के बाद फिर से धोकर रखा जा रहा है।

वहीं, वीडियो में जो युवक दिखाई दे रहा है, वह कोई अवैध वेंडर नहीं बल्कि लाइसेंसी ठेकेदार सीमा पांडे का वेंडर है। वह रेलवे का अधिकृत वेंडर है। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों सहित स्टेशन पर भोजन आदि लेकर खाने वालों को जरूर झटका लगा होगा। वहीं, वीडियो की पुष्टि भी हो गई है।

इटारसी रेलवे स्टेशन के सीनियर डीसीआई विनोद वर्मा ने नवभारत टाइम्स.कॉम से चर्चा के दौरान बताया है कि वेंडर की पहचान हो गई है। वह लाइसेंसी ठेकेदार सीमा पांडे का अधिकृत वेंडर है जो प्लेटफॉर्म पर पैक्ड फूड सप्लाई करता है। इस बात की जांच की जा रही है कि वह कंटेनर क्यों धो रहा था। आरपीएफ भी वेंडर से पूछताछ करेगी। फिलहाल वीडियो में ऐसा कुछ दिखाई नहीं दे रहा है कि वेंडर यूज किए हुए कंटेनर को डस्टबिन से उठा कर धो रहा है। फिर भी यदि गड़बड़ी पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights