‘दिल से धुआं उठा, बरसात का मौसम था’, अजय देवगन-तब्बू की ‘औरों में कहां दम था’ का रूहानी टीजर रिलीज

अजय देवगन और तब्बू की अपकमिंग फिल्म ‘औरों में कहां दम था’ का फर्स्ट पोस्टर और टीजर सामने आ गया है। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म के टीजर ने फैन्स के बीच खलबली मचा दी है। नीरज पांडे निर्देशित इस फिल्म में दोनों को एक बार फिर साथ देखकर लोगों का एक्साइटमेंट टॉप लेवल पर है। बता दें कि दोनों की साथ में ये दसवीं फिल्म होगी। दोनों के टीजर की शुरुआत होली के त्योहार की झलकियों के साथ कुछ दमदार डायलॉग से शुरू होती है।

फिल्म की कहानी 23 साल के लंबे दौर को दिखाती है जो 2000 से 2023 के बीच के बैकग्राउंड पर बनी है। इस टीजर में अजय देवगन की आवाज में दमदार डायलॉग सुनाई दे रहा है
दिल से धुआं उठा, बरसात का मौसम था
सौ दर्द दिए उसने, जो दर्द का मरहम था
हमने ही सितम ढाए, हमने ही कहर तोड़े
दुश्मन थे हम ही अपने, औरों में कहां दम था

इस डायलॉग के साथ तब्बू और अजय देवगन के बीच की कुछ रोमांटिक और दिल छू जाने वाली झलकियां हैं, जिससे साफ पता लग रहा है कि दोनों के बीच कुछ ऐसा हुआ है जिससे वो बिखर चुके थे। बैकग्राउंड में होली के त्योहार का नजारा भी है।

ये फिल्म सिनेमाघरों में 5 जुलाई, 2024 को रिलीज होने जा रही है। फिल्म के लीड कलाकारों की बात करें तो अजय देवगन और तब्बू के अलावा ‘औरों में कहां दम था’ फिल्म में जिमी शेरगिल, सई मांजरेकर और शांतनु माहेश्वरी भी अहम भूमिका में होंगे। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित इस फिल्म को शीतल भाटिया, नरेंद्र हीरावत और कुमार मंगत पाठक के पैनोरमा स्टूडियो ने प्रड्यूस किया है।

अजय देवगन और तब्बू इससे पहले ‘दृश्यम 2’ में साथ नजर आ चुके हैं जो सफल फिल्मों में से एक रही है। अजय देवगन की हालिया फिल्म ‘शैतान’ और ‘मैदान’ रही है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कमाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights