प्रियंका गांधी चुनावी डेब्यू के लिए तैयार! वायनाड से भाई की जगह लड़ सकती हैं उपचुनाव

लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के वायनाड से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई गई थीं। हालांकि प्रियंका ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया, जिसके चर्चाओं का बाजार शांत हो गया था। वायनाड से फिर से राहुल गांधी ने चुनाव लड़ा और जीते। लेकिन वो रायबरेली से भी चुनाव जीत चुके हैं। इसके बाद अब वो वायनाड सीट छोड़ सकते हैं। ऐसे में फिर एक बार वायनाड से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस वायनाड उपचुनाव में प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बना सकती है।

प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की चर्चा उस वक्त और तेज हो गई, जब राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि अगर उनकी बहन वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ चुनाव लड़तीं, तो मोदी दो-तीन लाख वोटों से हार जाते। बता दें कि राहुल गांधी वायनाड और रायबरेली सीट पर बड़े अंतर से जीते हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों से ही प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की चर्चा चल रही है। उस वक्त कयास लगाए जा रहे थे कि प्रियंका वाराणसी सीट से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं। इसके बाद 2020 में यूपी विधानसभा चुनावों के दौरान प्रियंका गांधी ने खुद कहा था कि वह यूपी में चुनाव लड़ने से इनकार नहीं कर रही थीं। उस वक्त वो यूपी कांग्रेस की महासचिव थीं। इस बयान के साथ उन्होंने ये भी इशारा किया कि वो कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार हो सकती हैं। हालांकि कुछ ही घंटों बाद उन्होंने अपने बयान से दूरी बना ली और कहा कि वो मजाक कर रही थीं।

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सोनिया गांधी ने रायबरेली छोड़ दी। इस सीट पर वो 2004 से सांसद थीं। इस बार सोनिया गांधी राज्यसभा पहुंच गई हैं। सोनिया गांधी के रायबरेली सीट छोड़ने के बाद ये तय माना जा रहा था कि इस सीट पर प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। खबरों में इस बात को कहा गया कि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी और राहुल गांधी अमेठी से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights