बीते सोमवार की रात भारत के लोगों के लिए दुख भरी रही। जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकियों ने घात लगाकर भारतीय सेना की बस पर हमला किया। इस कायराना हमले में सेना के 5 जवान शहीद हो गए और 5 घायल भी हुए हैं। इस घटना के बाद से भारतीय सेना के जवान आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। वहीं, अब इस पूरी आतंकी साजिश को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
जिस जगह पर भारतीय सेना पर हमला हुआ है वह इलाका एक तरफ से हिमाचल प्रदेश को पहाड़ों को पार करते हुए कनेक्ट करता है तो दूसरी तरफ उधमपुर और तीसरी तरफ के पहाड़ भद्रवाह की तरफ जाते हैं। आतंकियों ने गाड़ी के ऊपर पहाड़ से छुप कर और फिर नीचे उतर पर सामने से फायरिंग की है। ये पहाड़ी इलाके हैं और इस समय बहुत सारी गुफाएं और आतंकियों के छुपने की जगहें हैं।
संभावनाएं जतायी जा रही हैं कि कठुआ में हुए आतंकी हमले में आतंकियों ने फायरिंग में एके 47, स्टील बुलेट और M4 जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया है। इस पूरे हमले में आतंकियों द्वारा चाइनीज ग्रेनेड और चाइनीज आर्मर पियर्सिंग गोली का इस्तेमाल किया जाने की भी संभावनाएं हैं।