मुंबई में यात्रियों की नाव से टकराई नेवी की स्पीड बोट, 13 लोगों की हुई मौत

महाराष्ट्र में मुंबई तट के नजदीक बुधवार को नेवी की स्पीड बोट से टक्कर के बाद यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। इस घटना में यात्रियों की नाव में सवार 10 और नेवी की स्पीड बोट पर सवार 3 लोगों की मौत हो गई। ‘नीलकमल फेरी’ नाम से चलने वाली यात्री नाव पर क्रू मेंबर्स समेत कुल 110 लोग सवार थे। घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया और कुल 101 लोगों को बचाया गया। इस बीच एक वीडियो सामने आया है जिसमें नेवी की एक स्पीड बोट से यात्रियों की नाव में टक्कर लगती हुई दिख रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय नीलकमल नामक यह नौका मुंबई के नजदीक स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘एलीफेंटा’ द्वीप जा रही थी तभी शाम करीब 4 बजे नेवी एक स्पीड बोट उससे टकरा गई। बताया जा रहा है कि स्पीड बोट के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया था। यात्रियों की नाव से स्पीड बोट के टकराने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुल 110 लोगों में से 101 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 10 नागरिकों और 3 नौसैनिकों की मौत हो गई है। सरकार ने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया है।

वहीं, यात्रियों की बोट के मालिक राजेंद्र पड़ते ने आरोप लगाया कि उनकी नाव में एक स्पीड बोट ने टक्कर मारी थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी बोट में कुल 84 लोग बैठ सकते हैं और इसमें 80 लोग सवार थे। हालांकि बाद में सामने आया कि नाव में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि घटना बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण है और हम जांच की मांग करेंगे, लेकिन अभी राहत एवं बचाव करना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इस बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights