नेता असदुद्दीन ओवैसी को बरेली की कोर्ट ने नोटिस जारी  किया ,जय फिलिस्तीन’ बोलना पड़ा महंगा

संसद में ‘जय फिलिस्तीन’ बोलना ओवैसी को भारी पड़ गया है। इसे लेकर देशभर में विवाद हुआ था, जिसके बाद अब बरेली जिला अदालत के न्यायाधीश ने ओवैसी को नोटिस जारी किया है। बरेली की कोर्ट ने संसद में ‘जय फिलिस्तीन’ बोलने के मामले में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को नोटिस जारी कर तलब किया है। एक अधिवक्ता ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अदालत ने मामले में सात जनवरी को सुनवाई तय की है। 

दरअसल, संसद में ‘जय फिलिस्तीन’ बोलने के मामले में ओवैसी के खिलाफ अधिवक्ता वीरेंद्र गुप्ता ने वाद दायर किया है, जिसमें उन पर संवैधानिक एवं कानूनी मान्यताओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। अधिवक्ता वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि उन्होंने एमपी-एमएलए कोर्ट में असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने पुनरीक्षण याचिका जिला न्यायाधीश की कोर्ट में दायर की थी। उन्होंने बताया कि जिला न्यायाधीश की अदालत ने याचिका को स्वीकार करते हुए सांसद असदुद्दीन ओवैसी को सात जनवरी को हाजिर होने के लिए नोटिस जारी किया है। 

वाद दायर करने वाले अधिवक्ता वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि वह ओवैसी के ‘जय फिलिस्तीन’ का नारा लगाने से आहत हैं। ओवैसी का बयान भारत के संविधान के विपरीत और अपमान करने जैसा है। इसे लेकर ही उन्होंने बरेली एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने 12 जुलाई 2024 को खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने मामले में जिला न्यायाधीश की अदालत में अपील की। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights