साल 2024 अब समाप्त होने वाला है। इस दौरान साल भर में लोगों ने जमकर यात्राएं की। ओयो की मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में साल भर में सबसे ज्यादा ओयो बुकिंग करने वाले शहरों के नाम सामने आए हैं। यात्रा प्रौद्योगिकी मंच ओयो की ‘ट्रैवलपीडिया-2024’ रिपोर्ट में यात्रा के तौर-तरीकों और रुझानों पर गहराई से चर्चा की गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार इस साल (2024) पुरी, वाराणसी और हरिद्वार सबसे अधिक यात्रा किए जाने वाले आध्यात्मिक गंतव्य रहे हैं, जबकि हैदराबाद के लिए सबसे अधिक बुकिंग दर्ज की गई है। इसके निष्कर्ष पूरे साल में ओयो के प्लेटफार्म पर बुकिंग से संबंधित आंकड़ों पर आधारित हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत में इस साल धार्मिक पर्यटन पर विशेष जोर रहा। जिन धार्मिक शहरों में सबसे ज्यादा बुकिंग हुई, उसमें पुरी, वाराणसी और हरिद्वार शहरों के नाम सबसे ऊपर हैं। इनके अलावा देवघर, पलानी और गोवर्धन में भी पर्याप्त वृद्धि देखी गई। वहीं ओयो की रिपोर्ट के मुताबिक, हैदराबाद, बेंगलुरु, दिल्ली और कोलकाता जैसे शहर बुकिंग के मामले में शीर्ष स्थान पर रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश ने यात्रा के लिए सबसे लोकप्रिय राज्य के रूप में अपना स्थान बनाए रखा। महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक यात्रा परिदृश्य में प्रमुख योगदानकर्ता बने हुए हैं। पटना, राजमुंदरी और हुबली जैसे छोटे शहरों के लिए बुकिंग में सालाना आधार पर 48 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।