कपूर खानदान में क्रिसमस का जश्न खास अंदाज में सालों से मनाया जाता है। इस दिन पूरा परिवार एक साथ स्पेशल लंच के लिए इकट्ठा होता है। इस साल भी ठीक ऐसा ही हुआ। दिवंगत अभिनेता शशि कपूर के घर इसका आयोजन रखा गया। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, रीमा कपूर, आदर जैन, कुणाल कपूर, नव्या नंदा, अगस्त्य नंदा और रणधीर कपूर जैसे सितारे इसमें शामिल होने के लिए पहुंचे। कपूर परिवार के बाकी सदस्य भी इस इवेंट में चार चांद लगाते नजर आए। सभी की मौजूदगी के बीच भी सारा ध्यान सिर्फ बेबी राहा कपूर पर ही रहा। लाइमलाइट चुराने में माहिर राहा ने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने अपनी क्यूट अदाओं से महफिल को गुलजार किया। वैसे याद दिला दें पिछले साल रणबीर और आलिया ने क्रिसमस लंच के दौरान राहा का चेहरा दुनिया के सामने पेश किया था।
पिछले साल क्रिसमस के मौके पर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने फैन्स को अपनी बेटी की पहली झलक दिखाई थी। इस साल भी उन्होंने फैन्स का दिन बना दिया है। क्यूट राहा को क्रिसमस 2023 के मौके पर पैपराजी से मिलवाया गया। हालांकि राहा को मीडिया के सामने लाने से पहले आलिया भट्ट ने सुनिश्चित किया कि ज्यादा शोर न हो। फिर रणबीर कपूर अपनी बेटी को लेकर आए। राहा भी मीडिया को देखकर मुस्कुराती और पोज देती नजर आईं। उन्होंने फ्लाइंग किस भी दी और हाथ हिलाते हुए किसी स्टार की तरह पहली बार बोलती नजर आईं।]
बेबी राहा पिंक और व्हाइट कलर की फ्लोरल फ्रॉक में बेहद क्यूट लग रही थीं। आलिया भट्ट रेड कलर के वन पीस में नजर आईं। पैपराजी के सामने आते ही राहा ने हाथ हिलाकर कहा, ‘हाय फैन्स’। इसके बाद उन्होंने फ्लाइंग किस भी दी। राहा पूरे समय अपने पापा की गोद में ही रहीं। कैमरों की रोशनी और पैपराजी के शोर के बीच वह थोड़ी असहज भी दिखीं। इस वीडियो को डिजिटल क्रिएटर वायरल भयानी के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है। राहा को पहली बार इस तरह से बोलते हुए देखकर फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं।