सबसे बड़े रामद्रोही हर जगह रंग बदलकर के बात कर रहे हैं। अगर सुसनेर में आकर बात कर रहे हैं तो राम मंदिर और संघ की तारीफ कर रहे हैं। अरे संघ की इतनी तारीफ करते हो तो आ जाओ शाखा में, स्वागत है आपका कौन रोक रहा आपको। लेकिन नहीं आपको केवल वोट लेना है। ये डुप्लीकेट नहीं चलेंगे, असली रंग में आना पड़ेगा। यह तंज सीएम मोहन यादव ने दिग्विजय सिंह पर कसा है।
दरअसल मोहन यादव राजगढ़ के मंगल भवन में बीजेपी प्रत्याक्षी रोडमल नागर के नामांकन रैली में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी उनको इस बात का दुःख है कि मंदिर क्यों बन रहा है। आपके मन में पाप है। पूरे हिंदू समाज को अपमानित करते हो। जीवन भर हिंदुओं और मुस्लिमों को लड़ाने का काम अगर किसी ने किया है तो वह एकमात्र व्यक्ति दिग्विजय सिंह है, जिसने हमेशा हिंदू-मुस्लिम को लड़ाकर वोट बैंक का रास्ता ढूंढ़ा है। सीएम ने कहा भगवान राम के मंदिर का भूमिपूजन भी हुआ और भगवान राम के मंदिर का लोकार्पण भी हुआ। इससे अगर किसी को पेट में दर्द हुआ है और राम मंदिर के निमंत्रण को ठुकराया है तो वो एकमात्र पार्टी है कांग्रेस पार्टी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर भाजपा प्रत्याक्षी रोडमल नागर का नामांकन दाखिल करवाया। इसके बाद राजगढ़ के मंगल भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और तीन मिनट में जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।