प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) पर उनके सनातन विरोधी रुख को लेकर हमला बोला। पीएम ने सवाल किया कि डीएमके के साथ गठबंधन करने पर कांग्रेस की क्या मजबूरी थी जिसने सनातन धर्म के खिलाफ नफरत और जहर उगला था। एएनआई के साथ एक खास इंटरव्यू में प्रधानमंत्री ने सोमवार को कहा कि डीएमके के खिलाफ भारी गुस्सा है और लोग अब बीजेपी की ओर बढ़ रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अन्नामलाई एक बहुत अच्छे नेता हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक परिवार-आधारित पार्टी नहीं है और यहां सभी को अवसर मिलता है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं कहूंगा कि हमारी पार्टी (BJP) की पांच पीढ़ियां यहां दक्षिण भारत में काम कर रही हैं। इसलिए लगातार काम चल रहा है। जब लोग कांग्रेस से निराश हो गए तो वे क्षेत्रीय दलों की ओर चले गए। अब लोग इनसे निराश हैं। पीएम ने कहा कि तमिलनाडु में डीएमके पार्टी के लोग हमें ‘पानीपुरी वाले’ कहकर हमारा मजाक उड़ाते थे। लेकिन जब तमिलनाडु के लोग काशी संगम पर आए और उन्होंने काशी को देखा तो उन्होंने कहा कि यह वह नहीं है जो हम सुनते थे। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों में डीएमके के खिलाफ गुस्सा बढ़ गया है। उस गुस्से ने अब लोगों को सकारात्मक तरीके से बीजेपी की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है।