एलन मस्क ने टाला भारत का दौरा, जानिए फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण ने क्या कहा?

अमेरिका के दिग्गज कारोबारी और कई कंपनियों के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) ने फिलहाल भारत आने का कार्यक्रम टाल दिया है। उन्हें 21 से 22 अप्रैल के दौरान भारत यात्रा पर आना था लेकिन अब वह साल के अंत में भारत आएंगे। मस्क की भारत यात्रा टलने के बारे में पूछे गए एक सवाल के बारे में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने शनिवार को अहमदाबाद में कहा कि केंद्र ने भारत को मैन्यूफैक्चरिंग और सर्विसेज के लिए एक आकर्षक डेस्टिनेशन बनाने के लिए नीतियां तैयार की हैं। सरकार का जोर न केवल घरेलू बाजार के लिए बल्कि निर्यात के लिए भी उत्पादन करने पर है।

सीतारमण ने कहा, ‘निवेश आकर्षित करने के लिए नीतियां बनाई गई हैं। हम चाहते हैं कि विनिर्माता और निवेशक न केवल भारत के लिए, बल्कि यहां से निर्यात करने के लिए भी आएं और उत्पादन करें। हम नीतियों के माध्यम से विनिर्माताओं और निवेशकों को आकर्षित करने का प्रयास करेंगे।’ मस्क ने शनिवार को कहा कि कंपनी के भारी दायित्वों के कारण उनकी भारत यात्रा में देरी हो रही है। सीतारमण ने कहा, ‘जब बड़ी कंपनियां भारत आने में रुचि दिखाती हैं, तो हम उनके लिए यहां आने और निवेश को आकर्षक बनाने के लिए सब कुछ करेंगे। उस प्रक्रिया में, अगर चर्चा करने के लिए कुछ भी होगा, तो हम निश्चित रूप से चर्चा करेंगे। हमने जो भी किया है, नीति के जरिए किया है।’ उन्होंने कहा कि नीतियों को इस तरह से तैयार किया गया है ताकि भारत को विनिर्माण और सेवाओं के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाया जा सके।

वित्त मंत्री ने महंगाई के बारे में बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार के तहत एक महीने को छोड़कर, यह कभी भी सहनशील सीमा को पार नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले इकॉनमी खराब स्थिति में थी और महंगाई दोहरे अंकों में थी। सीतारमण ने कहा, ‘उस समय (2014 से पहले) किसी को भी देश से कोई उम्मीद नहीं थी। बहुत कड़ी मेहनत के बाद, हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरे हैं और आत्मविश्वास से कह रहे हैं कि अगले दो से ढाई साल में हम तीसरे स्थान पर होंगे।’ रोजगार के बारे में फाइनेंस मिनिस्टर ने कहा कि औपचारिक और अनौपचारिक दोनों क्षेत्रों के आंकड़ों में कमी है, लेकिन केंद्र की पहल से लाखों लोगों को रोजगार मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights