लोकसभा चुनाव के लिए सभी दलों ने प्रचार तेज कर दिया है। ऐसे में महाराष्ट्र में बारामती सीट इस बार सुर्खियों में है। बारामती में इस बार पवार बनाम पवार की लड़ाई है। इसको लेकर अजित पवार (Ajit Pawar) युद्धस्तर पर चुनाव प्रचार में जुटे हैं। शनिवार को बारामती से कन्हेरी जाते समय रास्ते में हुए हादसे को देखकर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने अपना काफिला रुकवाया और घायल वरिष्ठ पत्रकार रामभाऊ तावरे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इतना ही नहीं उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों को उनके इलाज के निर्देश भी दिए।
घायल को देखकर फौरन रुकवाया काफिला
दरअसल सोंगाव के आनंद राव देवकते अपनी पत्नी संगीता के साथ कार में बारामती से सोंगाव के लिए निकले थे। तभी रामभाऊ तावरे की बाइक कार से टकरा गई और तावरे नीचे गिर गए। इसके कुछ ही देर बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार का काफिला वहां से गुजरा। हादसे हुए देखकर ड्राइवर को अपनी कार रोकने के निर्देश दिए। इतना कहकर रामभाऊ तावरे को तुरंत अपने काफिले की गाड़ी में बिठाया। इसके साथ ही कुछ लोगों को साथ दिया और अस्पताल भेजा।
मामूली चोट के बाद भी अजित दादा ने दिखाई तेजी
तावरे के पैर में मामूली चोट आई है लेकिन फिर भी अजित पवार ने बिना एक पल भी देर किए आगे बढ़ने की जो तत्परता दिखाई, उसे सभी ने महसूस किया। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर को रामभाऊ तावरे के इलाज के बारे में भी जानकारी दी। देवकते पति-पत्नी को सांत्वना देते हुए कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है।