राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की एक और बेटी बिहार की राजनीति में कदम रख चुकी हैं। यह बेटी हैं रोहिणी आचार्य। आज रोहिणी आचार्य ने सारण लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। लालू प्रसाद यादव और उनका पूरा परिवार रोहिणी आचार्य के राजनीति में एंट्री से पहले उनके साथ मंदिरों के दर्शन करता नजर आया था। अब बेटी के नामांकन में भी राजद सुप्रीमो नजर आए। पर्दे के पीछे से खेल करने वाले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज पहली बार लोकसभा चुनाव 2024 में प्रत्यक्ष रूप से किसी मंच पर दिखाई दिए।
इस दौरान राजद सुप्रीमो ने अपनी बेटी के लिए न सिर्फ वोट मांगे, बल्कि अपने पुराने अंदाज को भी दोहराने की कोशिश की। लालू प्रसाद यादव इस कोशिका में बहुत ज्यादा सफल नहीं हो सके।लालू प्रसाद यादव के भाषण के दौरान जनता का उत्साह देखने वाला था। लेकिन इस उत्साह के बीच भी लालू के भाषण में इस बार वो बात नजर नहीं आई, जिसके लिए लालू यादव जाने जाते हैं। लालू प्रसाद यादव अपने स्वास्थ्य और चिलचिलाती गर्मी की वजह से करीब 5 मिनट ही बोल पाए। उनकी आवाज में अब वह पुरानी खनक भी नजर नहीं आई।
जनता को अपने भाषणों से उत्साहित करने वाले लालू प्रसाद यादव ने अपने भाषण के दौरान अपनी भरसक कोशिश जरूर की। उनकी कोशिश थी कि वो जनता को इस तरह संबोधित करें, जैसे वह किया करते थे। लेकिन शायद उनके शरीर, उम्र और आवाज ने साथ नहीं दिया। हालांकि लालू मंच पर खुद चल कर आए। सारण की जनता से उनका हाल-चाल भी लिया। चिलचिलाती गर्मी का जिक्र भी किया। और रैली में शामिल होने के लिए धन्यवाद भी दिया। मगर अब उनसे इससे ज्यादा की उम्मीद करना भी बेमानी ही होगी। उन्होंने सारण की जनता से अपील की कि वह उनकी बेटी रोहिणी आचार्य को वोट करें। उन्होंने यह बात भी दोहराई कि उन्होंने सारण के लिए बहुत काम किया है। अंत में उन्होंने केवल ‘लागल लागल झुलनिया में धक्का बलम कलकत्ता चलल…’ कह कर समा बांधने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने अपनी बात को खत्म कर दी।
अपने पूरे भाषण के दौरान लालू यादव केवल संविधान बदलने के मोदी के प्रयासों पर हमला करते नजर आए। उन्होंने अपने 5 मिनट के भाषण के दौरान केवल दो बातों पर ही फोकस किया। जिसमें उन्होंने जनता से कहा कि मोदी संविधान बदलना चाहते हैं और पिछड़ों का आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। इसके अलावा उन्होंने सारण में पासी समाज के वोटरों को भी अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा की रोहिणी यदि चुनाव जीतती हैं तो पासी समाज की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।