अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने अपने एक्स अकाउंट पर गंगनहर घाट पर होने वाली मौतों का मुद्दा उठाकर फिर इसे चर्चाओं में ला दिया। पोस्ट में महंत ने मौतों के संबंध में समुदाय विशेष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे ‘जल जिहाद’ से जोड़ा है। महंत के अलावा लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने 6 वर्ष पहले 2018 में भी गंगनहर घाट पर होने वाली मौतों को लेकर जांच की मांग की थी।
इधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपों में कोई सत्यता नहीं है। कई वर्ष पुरानी पेपर कटिंग के आधार पर आरोप लगाए गए हैं।महंत राजू दास ने एक्स पर पोस्ट में कहा, मुरादनगर गंगनहर पर षड्यंत्र के तहत लोगों को डुबाकर मारा जाता है। महंत का कहना है कि जल जिहाद के तहत समुदाय विशेष के लोग वहां गहने पहने हुए नहाते हुए लोगों को पानी में खींच लेते हैं और पत्थर से बांधकर डुबा देते हैं। बाद में तलाश करने के नाम पर लोगों के परिवार से 40 हजार रुपये तक वसूलते हैं। पिछले एक महीने में 60 लोगों के डूबने से मौत हुई।
महंत के आरोप का समर्थन करते हुए लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने 6 साल पहले भी ऐसे ही आरोप लगाए थे।वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने सभी आरोपों को नकार दिया है। एसीपी नरेश कुमार का कहना है कि कई वर्ष पुरानी पेपर कटिंग के आधार पर आरोप लगाए जा रहे हैं। 6 वर्ष पहले भी इसी प्रकार के आरोप लगाए गए थे। तत्कालीन अधिकारियों ने जांच में सभी आरोप निराधार पाए थे।