लेबनान की तरफ से हमलावर Drones ने इजरायल को बनाया निशाना, दागे गए रॉकेट

 ईरान की ओर से इजरायल पर ताबड़तोड़ मिसाइल हमलों के बाद अब लेबनान की तरफ से इजरायली शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की गई है। इजरायली सेना के मुताबिक, पिछले एक घंटे में लेबनान से दो हमलावर ड्रोन आए। एक ड्रोन को नहरिया के तट पर रोक दिया गया और दूसरा खुले क्षेत्र में गिर गया। लेबनान की ओर से ऊपरी गैलिली इलाके में करीब 25 रॉकेट भी दागे गए, जिनमें से कुछ को रोक लिया गया। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, लेबनान पर इजरायल की तरफ से ताजा किए गए हवाई हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है। इस हमले में सात लोग घायल भी हुए हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार बेरूत के बाचौरा इलाके में गुरुवार सुबह संसद के पास एक इमारत को निशाना बनाकर हमला किया गया। यह लेबनान की सरकार के मुख्यालय पर सबसे करीबी इजरायली हमला है। लेबनानी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि तीन मिसाइलें दहियाह के दक्षिणी उपनगर में भी गिरी हैं, जहां पिछले सप्ताह हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की हवाई हमले में मौत हो गई थी। इससे पहले बुधवार को भी इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के शहरों पर हमले किए थे। 

इजरायल की सेना ने दक्षिणी लेबनान में 24 गांवों के निवासियों को गांव खाली करने की चेतावनी भी दी है। इजरायल की ओर से बुधवार को कहा गया कि सेना ने हिजबुल्लाह आतंकवादी समूह से निपटने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों के पास अभियान शुरू किया है। इजरायल की आर्मी इसे सीमित जमीनी अभियान बता रही है। ये 24 गांव संयुक्त राष्ट्र की ओर से घोषित ‘बफर जोन’ में आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights