सीएम मोहन यादव का महाराष्ट्र दौरा आज, बोले- ‘पूरे देश में बना भाजपामय माहौल’

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है। इस मौके पर सभी दल पूरी तैयारियों में जुटे हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव महाराष्ट्र में चार रैलियों और सभाओं में शामिल होंगे। इससे पहले उन्होंने खुद इस बात की जानकारी दी और लोगों से भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की अपील की। सीएम मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश में भाजपामय माहौल बना हुआ है। 

सीएम मोहन यादव ने कहा, ‘महाराष्ट्र और झारखंड के साथ ही कुछ जगहों पर होने वाले उपचुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करें, लोकतंत्र में यही सबसे बड़ा अधिकार है। मैं स्वयं मुंबई में चार रोड शो और सभा करने जा रहा हूं। मुझे पूरा भरोसा है, जिस तरह से यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश गति और प्रगति कर रहा है, निश्चित रूप से इसी प्रकार से लोगों का यश मिलेगा।’

सीएम मोहन यादव ने आगे कहा, ‘हमारी अपनी सरकार के माध्यम से देश की छवि दुनिया में अलग प्रकार की निकल रही है। झारखंड और महाराष्ट्र के साथ पूरे देश में भाजपामय माहौल बना हुआ है। ऐसे में आइये भाजपा के साथ जुड़िये, आगे बढ़िये, मेरी तरफ से आप सभी को शुभकामनाएं।’ बता दें कि महाराष्ट्र में एक चरण में जबकि झारखंड में दो चरणों के तहत मतदान होना है। इसमें से झारखंड के पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हो चुका है, जबकि झारखंड में दूसरे चरण के लिए मतदान और महाराष्ट्र की सभी सीटों पर मतदान 20 नवंबर को होना है। वहीं सभी मतों की गणना 23 नवंबर को की जाएगी और इसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights