देश में तेजी से बढ़ते एविएशन सेक्टर को और पंख देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 15 एयरपोर्ट परियोजनाओं को देश को समर्पित किया। इनमें दिल्ली समेत देश के विभिन्न शहरों में 12 हवाई अड्डों पर बनाए गए नए टर्मिनलों का उद्घाटन किया गया।
वहीं तीन एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल बनाने के लिए आधारशिला रखी गई। प्रधानमंत्री कार्यालय से यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को 9800 करोड़ रुपये से अधिक की 15 एयरपोर्ट परियोजनाओं का उदघाटन और शिलान्यास किया। इनमें दिल्ली, ग्वालियर, पुणे, कोल्हापुर, जबलपुर, लखनउ, अलीगढ़, आजमगढ़, चित्रकूट, मुरादाबाद, श्रावस्ती और आदमपुर एयरपोर्ट में 12 नए टर्मिनल भवनों का उदघाटन किया गया। इनमें दिल्ली एयरपोर्ट के टी-1डी की यात्री क्षमता को बढ़ाया गया। साथ ही ग्वालियर एयरपोर्ट पर रिकॉर्ड 16 महीने में एक नया टर्मिनल बनाया गया।
यहां ग्वालियर स्टोन का इस्तेमाल किया गया है। इस टर्मिनल में मध्य प्रदेश खासतौर से ग्वालियर की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी। इससे पहले अयोध्या एयरपोर्ट को नया रूप देने के लिए 20 महीने का समय लगा था। लेकिन इससे भी कहीं तेजी से काम करते हुए ग्वालियर एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल का निर्माण 16 रिकॉर्ड महीने में कर दिया गया। इनके अलावा कडप्पा, हुबली और बेलगावी एयरपोर्ट पर तीन नए टर्मिनल बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने इन्हें बनाने के लिए आधारशिला भी रखी