छत्तीसगढ़ में राम मंदिर को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और राजनांदगांव से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 400 पार के दावे को खोखला बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राम मंदिर का मुद्दा उठाने से लोकसभा चुनाव में कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। बघेल ने विश्वास जताया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को अगली सरकार बनाने के लिए स्पष्ट बहुमत मिलेगा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह दावा भी किया कि लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री मोदी बनाम संपूर्ण भारत होंगा।

भूपेश बघेल ने भरोसा जताया कि विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) को केंद्र में सरकार बनाने के लिए लोकसभा चुनाव के बाद स्पष्ट बहुमत मिलेगा, जबकि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से आधी से ज्यादा पर जीत मिलेगी। बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी के इस दावे को खोखला बताया कि भाजपा लोकसभा चुनाव में कम से कम 370 सीट जीतेगी और राजग 400 के पार जाएगा।

क्या जनता दल-यूनाइडेट (जदयू) नेता नीतीश कुमार के राजग में चले जाने और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले के बावजूद इंडिया गठबंधन भाजपा से मुकाबले के लिए मजबूत है? इसके जवाब में बघेल ने कहा कि हमारे स्वाभाविक गठबंधन सहयोगी हमारे साथ हैं। वास्तव में हमारे गठबंधन का विस्तार हुआ है, जिसमें उद्धव ठाकरे, प्रकाश आंबेडकर और कई छोटे दल शामिल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इसलिए हमारा गठबंधन मजबूत है।

दरअसल, तनाव तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन खेमे में है। आप हरियाणा में देख सकते हैं। बिहार में चाचा-भतीजे (चिराग पासवान और पशुपति पारस) के बीच खींचतान चल रही है। उत्तर प्रदेश में भी (ओम प्रकाश) राजभर और अपना दल सीट बंटवारे से नाराज हैं। इसलिए हमें नहीं लगता कि कोई उनके साथ जाएगा और अधिक लोग उनका गठबंधन छोड़ रहे हैं। उत्तर भारत में राम मंदिर की लहर की धारणाओं पर बघेल ने कहा कि भाजपा नारा लगा रही है कि ‘जो राम को लाये हैं, उसको हम लाएंगे’, लेकिन सभी भगवान की ही संतान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights