लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर देशभर में चुनाव आयोग की तरफ से आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू कर दी गई है। जिसकी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का रविवार को प्रसारण नहीं हुआ। दरअसल, पिछले ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने इस बात का जिक्र भी किया था। ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री मोदी की ओर से देश की उपलब्धियों को समर्पित एक मासिक रेडियो कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम हर महीने के अंतिम रविवार को सुबह 11 बजे प्रसारित किया जाता है।
ऐसे में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) जो चुनाव के समय राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए दिशा-निर्देश है, उसका पालन सभी को करना होता है। अब जबकि देश में आम चुनाव का पहला चरण 19 अप्रैल से शुरू होगा। यह लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होकर 1 जून तक सात चरणों में आयोजित किया जाएगा। ऐसे में आदर्श आचार संहिता के लागू होने की वजह से इस कार्यक्रम के प्रसारण पर विराम लगाया गया है।