स्टडी वीजा पर भारत आए साउथ अफ्रीका के नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों साउथ अफ्रीकन ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से व्यापारियों को ठगते थे। इसके लिए आरोपियों ने 100 से 150 फर्जी वेबसाइट बनाई थी। पिछले 3 साल से करीब 100 व्यापारियों को ठग चुके हैं। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस ठगी के खेल में वह अब तक 15 करोड़ रुपए कमा चुके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गौतमबुद्ध नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आगरा के एग्रीकल्चर कारोबारी ने साइबर सेल में केस दर्ज कराया था।
साउथ अफ्रीका के कैमरून शहर के रहने वाला अकुम्बे बोमा पिछले तीन साल से नोएडा में रह रहा था। इसके साथ माइकल बूनवी नामक युवक भी रहने के लिए आ गया। एसीपी हरी पर्वत आदित्य कुमार ने बताया कि थाना हरिपर्वत के रहने वाले राजीव पालीवाल और राजेश पालीवाल एग्रो फूड का कारोबार करते हैं। उन्होंने आलू बोरी की खरीद के लिए गूगल पर सर्च किया। तब उन्हें भीमराज इंडस्ट्रीज की वेबसाइट मिली, जो कि नागालैंड की रजिस्टर्ड फर्म दिखी। वेबसाइट पर मेल आईडी, जीएसटी और मोबाइल नंबर था।