सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हो रही हैं। इनमें दावा किया गया है कि दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपने अपकमिंग ऑपरेटिंग सिस्टम विंडोज 12 के लिए डॉली चायवाला (Dolly Chaiwala) को अपना ब्रांड एंबेसेडर बनाया है। दरअसल, माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर और दुनिया के पांचवें अमीर शख्स बिल गेट्स पिछले महीने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन के लिए भारत आए थे। इस दौरान वह डॉली चायवाला की टपरी पर भी गए थे। डॉली चायवाला की टपरी पर चाय पीते बिल गेट्स के वीडियो को लोगों ने खूब पसंद किया था। स्वैग के साथ चाय बेचने वाले ‘डॉली चायवाले’ ने जबसे गेट्स को चाय पिलाई है, तब से वह इंटरनेट पर सनसनी बने हुए हैं। चाय बेचने के खास स्टाइल के लिए मशहूर ‘डॉली चायवाला’ रातों-रात स्टार बन गए।
डॉली चायवाला को विंडोज 12 का ब्रांड एंबेसेडर बनाए जाने की अफवाह इंस्टाग्राम पर The Bindu Times नाम के एक पैरोडी अकाउंट द्वारा किए गए पोस्ट से शुरू हुई। इस पोस्ट में साफ लिखा गया था कि यह कंटेंट केवल मजाकिया के लिए डाला गया है लेकिन इंस्टाग्राम यूजर्स ने इसे हाथोंहाथ लिया। इंस्टाग्राम पर इसे खूब शेयर किया गया। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट ने इस तरह की कोई घोषणा नहीं की है। इस तरह इस पोस्ट में कोई सच्चाई नहीं है और इसे केवल मजाक के तौर पर पोस्ट किया गया था। माइक्रोसॉफ्ट दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी है और इसके फाउंडर बिल गेट्स दुनिया के टॉप पांच अमीरों में शामिल हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 153 अरब डॉलर है।