शंकर चौधरी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत, स्पीकर रहते हुए BJP के लिए प्रचार का आरोप, जानें पूरा मामला

गुजरात कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग को दी शिकायत में कहा है कि शंकर चौधरी ने लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में एक बैठक करके एक राजनीतिक दल के लिए प्रचार किया। यह आचार संहिता का उल्लंघन है। कांग्रेस का आरोप है कि उन्होंने वाव-थराद इलाके में प्रचार किया। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि विधानसभा के अध्यक्ष किसी भी राजनीतिक दल के लिए प्रचार नहीं कर सकते हैं। कांग्रेस ने यह शिकायत केंद्रीय चुनाव आयोग से की है।

गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति (GPCC) के मीडिया कंवेनर और मुख्य प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी ने चुनाव आयोग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। दोशी ने प्रूफ के तौर पर चुनाव आयोग को एक क्लिप भी सौंपी है। इसमें विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी लोकसभा चुनाव से जुड़ा हुआ संबोधन कर रहे हैं। 2022 गुजरात विधानसभा चुनावों में शंकर चौधरी थराद विधानसभा से चुने गए थे। इसके बाद जब उन्हें विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया था तो उन्होंने बीजेपी से त्यागपत्र दे दिया था। कांग्रेस ने कहा है कि चौधरी का प्रचार में भाग लेना संसदीय प्रक्रियाओं एवं प्रक्रियाओं का उल्लंघन है। कांग्रेस की दलील है कि जैसे ही कोई व्यक्ति संवैधानिक पद पर जाता है तो वह राजनीतिक गतिविधियों से अलग हो जाता है।

विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी का क्षेत्र बनासकांठा लोकसभा क्षेत्र में आता है। बीजेपी ने यहां से रेखाबेन चौधरी को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस की तरफ से वाव की विधायक गेनीबेन ठाकोर चुनाव मैदान में हैं। गुजरात में यह इकलौती ऐसी सीट हैं जहां पर महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। लोकसभा क्षेत्र में सात विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें वाव और दांता सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। धानेरा सीट बीजेपी से बागी हुए मावजीदेसाई ने निर्दलीय के तौर पर जीती थी। बाकी चार सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। इनमें थराद सीट भी शामिल है। जहां से विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी विधायक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights