खाने-पीने की वस्तुओं में पेस्टिसाइड (Pesticide) या कीटनाशक मिले, इसे तो कतई बर्दास्त नहीं किया जा सकता है। ऐसा ही वाकया हुआ सिंगापुर (Singapore) में। यह था एवरेस्ट कंपनी का फिश करी मसाला (Everest’s Fish Curry Masala)। इसके बाद सिंगापुर के अधिकारियों ने इस प्रोडक्ट को वापस मंगाने का आदेश जारी किया है। इस मसाले में एथिलीन ऑक्साइड (Ethylene oxide) का स्तर परमिशबल लिमिट से ज्यादा पाई गई। एथिलीन ऑक्साइड एक तरह का कीटनाशक होता है।
हमारे सहयोगी ईटी ऑनलाइन ने खबर दी है कि सिंगापुर फूड एजेंसी (Singapore Food Agency) ने गुरुवार को इस बारे में एक बयान जारी किया। इस बयान में एवरेस्ट मसाले के आयातक एसपी मुथैया एंड संस प्राइवेट लिमिटेड (Sp Muthiah and Sons Pvt Ltd) को रिकॉल प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। इसका मतलब है कि यह मसाला सिंगापुर के बाजार में नहीं बिक सकता है। इसे वापस भारत भेजा जाएगा।
माइक्रोबियल कंटेमिनेशन को रोकने के लिए कृषि उत्पादों को एथिलीन ऑक्साइड का फ्यूमिगेशन किया जाता है। सिंगापुर फूड एजेंसी के अनुसार यह रसायन खाद्य पदार्थों में उपयोग के लिए अधिकृत नहीं है। एजेंसी का कहना है “सिंगापुर के खाद्य विनियमों के तहत, एथिलीन ऑक्साइड को मसालों के स्टरलाइज़ेशन में उपयोग करने की अनुमति है।”]
एसएफए का कहना है कि यदि खाद्य पदार्थों के जरिए एथिलीन ऑक्साइड को कम मात्रा में लिया जाए तो तत्काल तो इससे कोई खतरा नहीं होता है। लेकिन लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं हो सकती हैं। एसएफए ने जोर देकर कहा है, “इस तरह के दूषित भोजन के सेवन से तत्काल कोई खतरा नहीं है। लेकिन, इस पदार्थ का उपयोग जितना संभव हो कम किया जाना चाहिए।”