श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में ऑनलाइन पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह दिखाई दे रहा है। 15 अप्रैल से शुरू हुई पूजा की ऑनलाइन बुकिंग से बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को एक करोड़ से भी अधिक की आय हुई है। ऑनलाइन पूजा और यात्रा के संबंध में तीर्थयात्री मंदिर समिति के कार्यालयों से जानकारी भी ले रहे हैं।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने चारधाम यात्रा के पंजीकरण के साथ ही ऑनलाइन पूजाओं के लिए भी बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। 15 अप्रैल से 22 अप्रैल तक बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में ऑनलाइन पूजाओं के लिए श्रद्धालुओं ने 1,20,3725 (एक करोड़ बीस लाख तीन हजार सात सौ पच्चीस) की बुकिंग कराई है। दोनों धामों में ऑनलाइन पूजाओं की बुकिंग से यह धनराशि मंदिर समिति के खाते में आई है।
बीकेटीसी के सीईओ योगेंद्र सिंह ने बताया है कि बदरीनाथ धाम के लिए 82,58,920 और केदारनाथ धाम के लिए 37,44,805 ऑनलाइन पूजाओं की धनराशि आई है। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://badrinath-kedarnath.gov.in पर 6981 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पूजा के लिए बुकिंग कराई है। इनमें से 4735 श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ धाम के लिए और 2246 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम के लिए विभिन्न पूजाओं को करने के लिए बुकिंग करवाई है।
बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मंदिर समिति में ई-ऑफिस और ऑनलाइन सेवाओं को अपनाए जाने पर जोर दिया है। श्रद्धालुओं की ऑनलाइन पूजाओं के लिए उत्साह को देखते हुए अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने वेबसाइट सहित पूजा काउंटरों को आधुनिक बनाने के भी निर्देशित किया है। मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार ऑनलाइन पूजाओं और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की यात्रा के बारे में रोजाना ही सैंकड़ों तीर्थयात्री मंदिर समिति के कार्यालय से जानकारी ले रहे हैं।