लोकसभा चुनाव में दूसरे फेज की वोटिंग से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि वो विपक्ष पर हमले का कोई मौका हाथ से जाने देना नहीं चाहते। हाल ही में उन्होंने ‘मुस्लिमों’ को लेकर ऐसी टिप्पणी की जिस पर हंगामा मच गया। कांग्रेस पर अटैक करते हुए उन्होंने जो कुछ कहा विपक्षी पार्टी उस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग तक पहुंच गई। इसके बाद भी पीएम मोदी विपक्ष को बख्शने के मूड में नहीं दिख रहे। उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में कांग्रेस के नहीं शामिल होने पर सवाल उठाए। सनातन को लेकर भी विपक्ष को घेरा। यही नहीं आज हनुमान जयंती के मौके पर उन्होंने हनुमान चालीसा का जिक्र कर विपक्षी पार्टी खास कर कांग्रेस पर करारा अटैक किया। प्रधानमंत्री लगातार हिंदुत्व के मुद्दे को धार देकर चुनावी रण में सियासी पारा और बढ़ाते दिख रहे हैं।
‘कांग्रेस सरकार में हनुमान चालीसा सुनना भी अपराध हो गया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजस्थान में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि इस पार्टी के शासन में ‘हनुमान चालीसा सुनना भी अपराध हो गया था।’ टोंक-सवाई माधोपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने दावा किया कि राजस्थान की पिछली कांग्रेस सरकार में रामनवमी मनाए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में हनुमान चालीसा सुनना भी गुनाह हो गया था। राजस्थान इसका भुक्तभोगी रहा है। इस बार रामनवमी पर पहली बार राजस्थान में शोभा यात्रा निकाली गई। राजस्थान जैसे राज्य में जहां लोग राम-राम का जाप करते हैं, वहां कांग्रेस ने रामनवमी पर प्रतिबंध लगा दिया।
इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक में कथित तौर पर हनुमान चालीसा बजाने पर एक दुकानदार के ऊपर हमले का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज हनुमान जयंती पर आपसे बात करते हुए मुझे कुछ दिन पहले की एक तस्वीर याद आ रही है। कुछ दिन पहले कांग्रेस शासित कर्नाटक में एक दुकानदार को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि वो अपनी दुकान में बैठकर हनुमान चालीसा सुन रहा था। पीएम मोदी ने ये भी दावा किया कि कांग्रेस सरकार में हनुमान चालीसा सुनना एक अपराध है।