लोकसभा चुनाव के बीच देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार को रांची पहुंची। निर्मला सीतारमण ने झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से आयोजित सार्थक संवाद कार्यक्रम में भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उनके संबोधन के दौरान कई बार तालियां बजीं। इस बीच एक ऐसी तस्वीर वायरल हुई, जिसने उनके बीजेपी की मुश्किलें बढ़ गई। दरअसल, निर्मला सीतारमण के साथ रांची में जमीन घोटाले के आरोपी और जमानत पर रिहा विष्णु अग्रवाल की एक तस्वीर कुछ ही घंटे में वायरल होने लगी। इस तस्वीर में विष्णु अग्रवाल निर्मला सीतारमण को फूलों का गुलदस्ता देते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी दिख रहे हैं।
निर्मला सीतामरण और विष्णु अग्रवाल की तस्वीर वायरल होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बीजेपी पर कटाक्ष किया। जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टााचर्य ने कहा कि सेना सहित अन्य जमीन घोटाले के आरोप में जेल जा चुके व्यवसायी विष्णु अग्रवाल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुलाकात की। इस दौरान बाबूलाल भी मौजूद थे। विष्णु अग्रवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया था। अभी विष्णु अग्रवाल जमानत पर बाहर हैं। ईडी वित्त मंत्री के अधीन ही आता है।
इधर,जमीन घोटाले के आरोपी विष्णु अग्रवाल से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की मुलाकात पर कांग्रेस की ओर से डील के बारे में खुलासा करने की मांग की गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि जमीन घोटाले के आरोपी के खिलाफ ईडी की जांच जारी है, उस आरोपी से वित्त मंत्री की मुलाकात कराई जा रही है, जबकि प्रवर्तन निदेशालय वित्त मंत्रालय के ही अधीन है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस मुलाकात के सूत्रधार बने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को यह बताना चाहिए कि आखिर विष्णु अग्रवाल के साथ उनका ‘यह रिश्ता क्या कहलाता है’।
आज झारखंड की जनता के सामने यह दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है कि हेमंत सोरेन को किसके इशारे पर जमीन के मामले में घोटाले का आरोप लगाकर जेल भेजा गया और झारखंड में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई।