चक्रवात रेमल: बांग्लादेश हाई अलर्ट पर, जोखिम वाले इलाकों से लोगों को निकाला, 4000 राहत केंद्र बनाए

बांग्लादेश ने प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ से निपटने की तैयारियों के तहत रविवार को जोखिम वाले इलाकों के निवासियों की निकासी का अभियान शुरू कर दिया। चक्रवाती तूफान के रविवार शाम या आधी तक पहुंचने की आशंका है जिससे देश के तटीय जिलों सतखीरा और कॉक्स बाजार क्षेत्र में समुद्र में ऊंची लहरें उठने और भारी बारिश होने की संभावना है। बीएसएस समाचार एजेंसी की खबर के अनुसार, चक्रवात के नवीनतम चेतावनी बुलेटिन के अनुसार, ‘रेमल’ के उत्तरी दिशा में बढ़ने और शाम या रात तक मोंगला के निकट पश्चिम बंगाल-खेपुपारा तट के सागर द्वीप को पार करने का अनुमान जताया गया है।

बीएसएस ने आपदा प्रबंधन विभाग के महानिदेशक मिजानुर रहमान के हवाले से कहा, ‘बड़े पैमाने पर निकासी शुरू की जा चुकी है। जोखिम वाले स्थानों पर रहने वाले सभी लोगों को यथाशीघ्र सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाना है।’ शनिवार को, आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्री मोहम्मद मोहिबुर रहमान ने कहा कि अधिकारियों ने चक्रवात राहत केंद्रों को तैयार रखा है और आपदा से निपटने के लिए हर तरह की तैयारियां की हैं। मोहिबुर ने कहा, ‘जिला प्रशासन ने सामाजिक, शैक्षिक और धार्मिक संस्थानों के परिसरों को अस्थायी आश्रय स्थल में तब्दील कर दिया है। साथ ही, तटीय जिलों में 4,000 चक्रवात राहत केंद्र बनाये गए हैं।’

उन्होंने कहा, ‘चक्रवात तैयारी कार्यक्रम के कुल 78,000 स्वयंसेवकों को तटीय जिले में आपदा से निपटने के लिए मुस्तैद रखा गया है।’ मंत्री ने कहा कि लगभग 8,600 रेड क्रिसेंट स्वयंसेवी और अन्य लोग एक अभियान में शामिल हुए, जिसमें सरकारी अधिकारियों के साथ जोखिम वाले स्थानों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया। वहीं, जिला प्रशासन ने उन्हें चक्रवात आश्रय स्थलों तक ले जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की। ‘डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, चक्रवात ‘रेमल’ के संभावित परिणामों से निपटने के लिए सभी मंत्रालयों, प्रभागों और अधीनस्थ कार्यालयों के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights