प्रज्वल रेवन्ना को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरते ही अरेस्ट करेगी एसआईटी, कर्नाटक के गृह मंत्री का दावा

कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ जी परमेश्वर ने गुरुवार को बताया कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की टीम शुक्रवार को जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना को एयरपोर्ट पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लेगी। प्रज्वल रेवन्ना कथित सेक्स वीडियो कांड के मुख्य आरोपी हैं। सूत्रों ने बताया कि प्रज्वल म्यूनिख से उड़ान भरेंगे। वह रात 12.30 बजे बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे। एजेंसियां प्रज्वल के विमान में चढ़ने पर नजर रखने के लिए एयरलाइन और अधिकारियों के साथ निकट समन्वय कर रही हैं। प्रज्वल रेवन्ना ने लुफ्थांसा से बिजनेस क्लास का हवाई टिकट बुक किया है। टिकट बुक करते समय उन्होंने अपना संपर्क नंबर और ईमेल आईडी नहीं दी थी।

पत्रकारों ने जी परमेश्वर से पूछा कि प्रज्वल रेवन्ना को पहले क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया? इस पर उन्होंने कहा कि हम उन्हें किसी विदेशी जगह पर गिरफ्तार नहीं कर सकते। आपको किसने बताया कि हम वहां जाकर उन्हें घसीट सकते हैं? यहां तक कि केंद्र सरकार भी उन्हें गिरफ्तार करने के लिए किसी को नहीं भेज सकती। इंटरपोल को सूचित करने का उद्देश्य यही है। इसके बाद ही ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया जाता है। उसके बाद एक प्रक्रिया का पालन किया जाता है।


कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जनता दल (सेक्युलर) के निलंबित नेता प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ गुरुवार को सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया और पीड़ितों के लिए न्याय की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने ‘हासन चलो’ मार्च में शिरकत की व आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की। इस मार्च का आयोजन ‘नवेड्डु निलादिद्दरे’ नामक मानवाधिकार समूह द्वारा किया गया था। इसमें राज्य भर से महिलाओं, श्रमिकों, किसानों और दलितों ने हिस्सा लिया। प्रज्वल की गिरफ्तारी की मांग के अलावा मार्च में शामिल हुए लोगों ने पीड़ितों के लिए न्याय की भी मांग की और उनके साथ एकजुटता व्यक्त की। मार्च यहां महाराजा पार्क के निकट हेमावती प्रतिमा से शुरू हुआ और हासन की उपायुक्त सी सत्यभामा को एक ज्ञापन सौंपने के बाद यह संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पीड़ितों की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights