महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कल दोपहर 3:30 से चार बजे के तक मूसलाधार बारिश हुई। इस बारिश की वजह से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज के रायगढ़ स्थित किले भी कुछ पर्यटक काफी परेशान दिखे। बारिश के दौरान ये पर्यटक किले की सीढ़ियों पर फंस गए थे। इस दौरान मूसलाधार बारिश की वजह से रायगढ़ किले की सीढ़ियों से तेज धार के साथ पानी बहता देखा गया। वहीं सीढ़ियों से नीचे बहते पानी के बीच किसी तरह से पर्यटक खुद को संभालते दिखे।दरअसल, महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले मे मौजूद यहां का किला पर्यटकों के बीच काफी मशहूर है। यहां हर साथ लाखों की संख्या में पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। हालांकि कल शाम को यहां पर हुई बारिश पर्यटकों के लिए परेशानी का सबब बन गई। यहां पर कई सारे पर्यटक घूमने आए थे। इस बीच मूसलाधार बारिश होने लगी। बारिश के दौरान यहां पर पर्यटकों के फंसे होने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में किले की सीढ़ियों से पानी तेज धार के साथ नीचे उतरता हुआ दिख रहा है। इस बीच कई पर्यटक सीढ़ियों पर फंस गए थे। किसी तरह से पर्यटक किनारे पर बनी दिवार के सहारे खुद को संभालते दिखे।
वहीं अब रायगढ़ जिले में जारी भारी बारिश के कारण रायगढ़ किले को आज से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। रायगढ़ किले की ओर जाने वाले चित्ता दरवाजा और नाने दरवाजा मार्ग को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। पुलिस बल की नियुक्ति कर दी गई है। साथ ही जो पर्यटक इस वक्त रायगढ़ किले पर हैं, उन्हें रोपवे के जरिए किले से नीचे ले जाया जा रहा है। प्रशासन ने किले तक पहुंचने के लिए रोपवे को बंद कर दिया है।