आईपीएल 2025 का सीजन अभी दूर है, लेकिन बीसीसीआई ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बीसीसीआई ने सभी टीमों के मालिकों के साथ एक बैठक की तैयारी की है। इसमें इसी साल के आखिर में होने वाले मेगा ऑक्शन को लेकर गहन चर्चा की जाएगी। अगले साल के आईपीएल से पहले बड़ा ऑक्शन होना है। इसके नियम कानून क्या होंगे, ये देखना काफी दिलचस्प होगा। इस बीच बड़ी बात जो अभी निकलकर सामने आ रही हैं, उसमें पता चला है कि अभी तक जो पर्स 100 करोड़ का था, वो बढ़ने वाला है। यानी टीमों के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए ज्यादा पैसे होंगे। ऐसे में संभव है कि जब ऑक्शन हो तो प्लेयर्स को और भी ज्यादा पैसा मिले। इतना ही नहीं टीमें अपने पुराने स्क्वाड से कितने खिलाड़ी रिटेन कर सकती हैं, इस पर भी फैसला हो सकता है। क्या आरटीएम कार्ड एक बार फिर से इस्तेमाल करने की परमीशन होगी। वहीं सबसे ज्यादा चर्चा में रहा इम्पैक्ट प्लेयर रूल क्या जारी रहेगा, या फिर इसमें कुछ बदलाव किया जाएगा। इस पर भी बात हो सकती है।
आईपीएल गर्वर्निंग काउंसिल की मीटिंग आज शाम को मुंबई में होगी। इसमें सभी दस आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों को भी बुलाया गया है। इसमें आने वाले आईपीएल को लेकर और उससे पहले नीलामी को लेकर कुछ बड़े और अहम फैसले लिए जा सकते हैं। इसमें टीमों के पर्स को 120 करोड़ रुपये तक बढ़ाने के साथ ही राइट टू मैच यानी आरटीएम पर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि मेगा ऑक्शन में टीमों को अपने 6 पुराने खिलाड़ियों को रिटेन करने की परमीशन दी जा सकती है। इस साल के आखिर में आईपीएल 2025 के लिए खिलाड़ियों की बड़ी नीलामी होगी। इससे पहले बीसीसीआई इसके नियमों को बनाने के लिए टीम मालिकों के साथ चर्चा करेगा। इस बीच पीटीआई ने कई फ्रेंचाइजी से बात की और एक बात पर लगभग हर कोई सहमत था। वो ये है कि मौजूदा टीम के 100 करोड़ रुपये की पर्स को कम से कम 20 से 25 प्रतिशत बढ़ाने की जरूरत है। आईपीएल के एक फ्रेंचाइजी ने पीटीआई से कहा कि मुझे लगता है कि पर्स में बढ़ोतरी निश्चित तौर पर हो रही है। इसमें 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी होनी चाहिए। ऐसे में फ्रेंचाइजी के लिए 120 करोड़ से 125 करोड़ रुपये की पर्स से अधिकांश टीमें सहमत होंगी।
मीटिंग में सबसे बड़ा मुद्दा खिलाड़ियों को रिटेन करने का होने वाला है। माना जा रहा है कि इस मामले में आमराय बनाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। बताया जाता है कि ज्यादातर टीमों की अलग-अलग जरूरतें हैं। एक बड़ी टीम ने आरटीएम सहित आठ खिलाड़ियों को रिटेन करने का सुझाव दिया है। इस बात की संभावना कम है कि ज्यादातर टीमें इससे सहमत नहीं होंगी। आईपीएल के तीन साल की साइकल में होने वाली नीलामी में एक विदेशी सहित चार खिलाड़ियों को रिटेन करने परमीशन देता है। ऐसा माना जाता है कि ज्यादातर टीमें पांच से छह के बीच रिटेंशन चाहती हैं। इसमें विदेशी खिलाड़ियों के रिटेंशन पर भी टीमों के बीच सहमति बनानी होगी।
आईपीएल के एक सूत्र ने कहा है कि दिल्ली कैपिटल्स जैक फ्रेजर-मैकगर्क और ट्रिस्टन स्टब्स और सनराइजर्स हैदराबाद पैट कमिंस, हेनरिक क्लासेन और ट्रेविस हेड जैसी टीमें एक से अधिक विदेशी रिटेंशन चाहेंगी। मीटिंग में इंपेक्ट प्लेयर नियम पर भी चर्चा होगी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली खुलकर इसकी आलोचना कर चुके है। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स को इससे पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टीम में रखने का मौका मिलता है। धोनी ने पिछले आईपीएल में कई मैचों में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी।