ऑफिस के वर्क लोड से एक और मौत! बैंक मैनेजर ने अटल सेतु से कूद कर दी जान, पत्नी का चौंकाने वाला खुलासा

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने मुंबई के अटल सेतु से कूद कर जान दे दी। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके पति ने ऑफिस में वर्क लोड के चलते ऐसा खतरनाक कदम उठाया है। मालूम हो कि पिछले दिनों पुणे की एक सीए फर्म में काम करने वाली लड़की की वर्क लोड के चलते जान चली गई थी। मृतक लड़की के परिजनों ने ये दावा किया था। 

वहीं, अब मुंबई में एक शख्स की ऑफिस के वर्क लोड के चलते जान चली गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सुशांत चक्रवर्ती नाम के व्यक्ति ने सोमवार की सुबह लगभग 9:57 पर अपनी कार को ब्रिज के किनारे पर पार्क किया। इसके बाद वह अटल सेतु से कूद गया। ऐसा बताया जा रहा है कि मृतक पब्लिक सेक्टर बैंक में काम करता था। मृतक की उम्र लगभग 40 साल के आसपास थी।

शिवडी पुलिस मृतक के शव की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह लगभग 10 बजे के आसपास की है। जब सुशांत ने अपनी कार को अटल सेतु के साउथ बाउंड्री छोर पर पार्क किया और समंदर में कूद गया।

पुलिस को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने गाड़ी की जांच की। पुलिस को जांच के दौरान मिले दस्तावेज के जरिए पता चला कि सुशांत चक्रवर्ती मुंबई के परेल इलाके में पत्नी, एक साल की बेटी और मां के साथ रहते थे। 

पुलिस ने गाड़ी का नंबर आरटीओ को भेजा। जहां से उन्हें सुशांत के बारे में और अधिक जानकारी पता चली है। पुलिस ने जब जानकारी को इकट्ठा कर लिया तो एक टीम को परेल स्थित उनके घर भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने उनकी पत्नी को पुलिस स्टेशन बुलाया। 

पुलिस ने पत्नी का बयान दर्ज किया तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मृतक की पत्नी ने बताया कि सुशांत काफी दिनों से ऑफिस में अपने काम को लेकर परेशान रहते थे। ऑफिस में वर्क लोड बहुत ज्यादा था। फिलहाल प्राथमिक रूप से पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस को जांच में पता चला कि पिछले वीकेंड पर वह अपने परिवार के साथ घूमने गए थे। सोमवार को परिवार से कहा कि वह काम पर जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने सुबह 10 बजे के आसपास अटल सेतु ब्रिज से जाकर छलांग लगा दी। पुलिस सुशांत चक्रवर्ती के शव की तलाश कर रही है। देर रात अंधेरा होने की वजह से सर्च ऑपरेशन को रोक दिया गया। मंगलवार की सुबह एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights