केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुंबई आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आतंकवाद को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति की पूरी दुनिया ने सराहना की है। शाह ने कहा कि सरकार की नीति के चलते भारत आतंक विरोधी पहलों में विश्व में अग्रणी बन गया है। उन्होंने कहा कि कायर आतंकवादियों ने 2008 में आज ही के दिन मुंबई में निर्दोष लोगों की हत्या करके मानवता को शर्मसार किया था।
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘मुंबईटैररअटैक’ हैशटैग के साथ लिखा, ‘साल 2008 में आज ही के दिन मुंबई में कायर आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों की हत्या कर मानवता को शर्मसार किया था। 26/11 के मुंबई हमलों में आतंकियों से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और अपना जीवन गंवाने वाले लोगों को नमन करता हू्ं। आतंकवाद समूची मानव सभ्यता के लिए कलंक है। आतंकवाद के खिलाफ मोदी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को पूरे विश्व ने सराहा है और आज भारत आतंक विरोधी पहलों में विश्व में अग्रणी बना है।’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुंबई में आतंकी हमले की बरसी पर ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मुंबई 26/11 कायराना आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि तथा मानवता को कलंकित करती इस घटना में कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले मां भारती के वीर सपूतों को कोटिशः नमन! आइए, आतंकवाद की समाप्ति के लिए एकजुट और संकल्पित हों।’