देश की राजधानी दिल्ली में स्थित रेल भवन के बाहर एक शख्स ने आत्मदाह की कोशिश की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस इस बात की जानकारी जुटाने की कोशिश में है कि शख्स ने जान देने की कोशिश क्यों की। हालांकि युवक के पास से कुछ दस्तावेज मिले हैं जिनसे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आपसी रंजिश की घटना में प्रशासनिक कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया है।जानकारी के मुताबिक, शख्स का नाम जितेंद्र है और वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला है। जब शख्स ने खुद को आग लगाई तब घटना के दौरान स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस ने कुछ लोगों के साथ मिलकर तुरंत आग बुझा दी और व्यक्ति को अस्पताल भेजा।घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेन्सिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और अपनी जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि जितेन्द्र बुधवार सुबह ट्रेन से दिल्ली पहुंचा था, और दोपहर बाद उसने खुद को आग के हवाले कर दिया।बताया जा रहा है कि जितेंद्र इस घटना में 90 फीसदी तक जल गया है और वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। एक अधिकारी ने बताया कि संसद भवन के सामने रेल भवन के पास हुई इस दुर्घटना के बारे में दोपहर बाद करीब 3.35 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल विभाग की एक गाड़ी को मौके पर भेजा गया।