महाराष्ट्र के अमरावती लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी की उम्मीदवार नवनीत राणा ने कहा है कि देश में मोदी लहर है। नवनीत ने एक रैली में की गई उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश करने के लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराया है। बीजेपी की उम्मीदवार ने रैली के दौरान कुछ ऐसा कहा था, जिससे प्रतीत हो रहा था कि वह मोदी लहर की मौजूदगी को लेकर सवाल उठा रही हैं। इसको लेकर विवाद भी खड़ा हो गया था। नवनीत ने कहा कि मोदी लहर है और मोदी लहर रहेगी। देश की प्रगति के लिए मोदी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने मेरे भाषण के वीडियो के साथ काट-छांट करने की कोशिश की और मेरी प्रतिक्रिया के साथ छेड़छाड़ की।
शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शिवसेना-उद्धव बाला साहेब ठाकरे (शिवसेना यूबीटी) ने एक दिन पहले नवनीत के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह सच बोल रही हैं। नवनीत ने सोमवार को अमरावती में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि हमें इस चुनाव में ऐसे लड़ना होगा जैसे हम ग्राम पंचायत का चुनाव लड़ रहे हों। हमें सभी मतदाताओं को दोपहर 12 बजे तक मतदान बूथ पर लाना होगा और उनसे वोट करने के लिए कहना होगा। उन्होंने कहा था कि अगर कोई यह सोचता हो कि मोदी लहर है तो याद रखिये कि 2019 लोकसभा चुनाव में मैं इतने विशाल (सत्तारूढ़ दल) तंत्र के बावजूद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित हुई थी।
नवनीत राणा इस बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही है। वे बीजेपी की तरफ से टिकट दिए जाने के बाद पार्टी में शामिल हुई थी। इसके लिए उन्होंनें अपने पति रवि राणा की पार्टी से त्यागपत्र भी दे दिया था। राणा तीसरी बार अमरावती से लड़ रही है। 2014 के चुनावों में उन्हें का सामना करना पड़ना था, लेकिन 2019 में वह विजयी हो गई थीं। वे बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुई थी। अमरावती से बीजेपी अभी तक नहीं जीती है। अगर वे इस बार जीतती हैं तो इस सीट पर पहली बार कमल खिलेगा।