पंचायत 3: इस बार फुलेरा गांव में दोगुना होगा मजा, चंदन रॉय बोले- ऊटपटांग घटनाओं से भरा हुआ है पूरा सीजन

‘पंचायत 3’ का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है। मेकर्स ने अब घोषणा कर दी है कि यह वेब सीरीज 28 मई से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्‍ट्रीम होगी। इसके साथ एक बार फिर से फुलेरा गांव की यादें हर किसी के जेहन में ताजा हो गई हैं। सचिव जी से लेकर सबके दुलारे विकास तक को एक बार फिर से पर्दे पर देखने को लेकर दिल मचल रहा है। इस बीच सीरीज में विकास का किरदार निभाने वाले चंदन रॉय ने कुछ दिलचस्‍प खुलासे किए हैं। उन्‍होंने बताया है कि इस बार ‘पंचायत सीजन 3’ में ऊटपटांग घटनाओं की भरमार है और दर्शकों को खूब हंसने का मौका मिलेगा।

चंदन रॉय ने कहा, ‘पंचायत का तीसरा सीजन बड़ी ही ऊटपटांग और हंसा-हंसाकर लोटपोट कर देने वाली घटनाओं से भरा है।’ चंदन इस बेहद लोकप्रिय वेब सीरीज में सचिव जी अभिषेक त्र‍िपाठी के कार्यालय सहायक विकास के रोल में हैं।

न्‍यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ से बातचीत में चंदन आगे कहते हैं, ‘नया सीजन पिछले सीजन से दोगुना मजेदार होगा। यह ऊटपटांग घटनाओं से भरा होगा। दर्शकों को इस बार कुछ नए किरदार भी देखने को मिलेंगे। कुल मिलाकर इस शो के लेखक चंदन सर ने वास्तव में बहुत अच्छा काम किया है।’चंदन रॉय के लिए यह दोहरी खुशी का मौका है। एक ओर जहां उनकी ‘पंचायत 3’ आ रही है, वहीं उन्‍होंने अपना अगला प्रोजेक्ट भी साइन कर लिया है। वह साहित्य अकादमी पुरस्कार जीत चुके मशहूर लेखक उदय प्रकाश की कहानी पर बन रही फिल्‍म ‘तिरिछ: पोर्ट्रेट ऑफ ए डाइंग मैन’ में लीड रोल में नजर आने वाले हैं।चंदन कहते हैं, ‘मैं बेहद भाग्यशाली हूं कि अपने छात्र जीवन के दौरान पढ़ी गई कहानी में मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिल रहा है। ‘तिरिछ’ एक बाप और बेटे के रिश्ते पर बुनी गई कहानी है। यह फिल्म अभी शुरुआती दौर में है, जिसे संजीव कुमार झा डायरेक्‍ट करेंगे। वह इससे पहले अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की फिल्‍म ‘जबरिया जोड़ी’ की कहानी लिख चुके हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights