गुजरात के एक प्राइवेट लायंस स्कूल में परीक्षा दे रही छात्राओं में से कुछ के पैरंट्स ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र की प्रशासक (प्रभारी) ने उनकी बच्चियों को हिजाब उतारने के लिए मजबूर किया। हिजाब उतारे जाने के आरोप के बाद राज्य के शिक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को परीक्षा केंद्र की प्रशासक इलाबेन सुरतिया को हटाने का आदेश दिया।
सुरतिया उस स्कूल की प्रिंसिपल भी हैं। गुजरात सेकंडरी एंड हायर सेकंडरी एजुकेशन बोर्ड ने साफ किया कि परीक्षार्थियों के कपड़े को लेकर कोई विशिष्ट नियम नहीं है और वे किसी भी ‘शालीन’ परिधान में परीक्षा दे सकते हैं। बोर्ड ही 10वीं कक्षा की परीक्षाएं आयोजित करता है। पैरंट्स ने बताया कि स्कूल की प्रिंसिपल और अन्य कर्मियों ने परीक्षा शुरू होने से पहले उनकी बेटी समेत कई छात्राओं को हिजाब उतारने के लिए कहा।
बेटी घर लौटने के बाद तीन घंटे तक रोई। कम से कम 12 लड़कियों के साथ हुआ। हम चाहते हैं कि प्रशासन इस हरकत में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करे।’पैरंट्स के अनुसार, उन्हें एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है जिसमें नजर आ रहा है कि कुछ महिला पर्यवेक्षक दो छात्राओं से हिजाब उतारने को कह रही हैं।
इस फुटेज में महिला पर्यवेक्षक को हिजाब ले जाते हुए देखा जा सकता है। पैरंट्स का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में परीक्षा केंद्र प्रशासक से बात की तो उनका कहना था कि उन्होंने लड़कियों से हिजाब उतारने को इसलिए कहा, क्योंकि उनके चेहरे विडियो रिकॉर्डिंग में स्पष्ट नहीं दिख रहे थे।