ASI सर्वे के दौरान भोजशाला से आई बड़ी खबर, होली के दौरान हिंदुओं ने की पूजा

मध्य प्रदेश के धार जिले में विवादास्पद भोजशाला/कमाल मौला मस्जिद परिसर से बड़ी खबर सामने आई है। विवादित जगह में मंगलवार के दिन हिंदुओं ने पूजा अर्चना की। इसके साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की एक टीम ने अदालत के आदेश को मानते हुए अपना सर्वेक्षण जारी रखा।

दरअसल, 20 साल पहले यानी 7 अप्रैल 2003 के एएसआई के आदेश के अनुसार हिंदुओं को हर मंगलवार को भोजशाला परिसर के अंदर पूजा करने की जबकि मुसलमानों को शुक्रवार को भोजशाला में जाकर नमाज अदा करने की अनुमति है।

धार स्थित विवादित भोजशाला में सरस्वती मंदिर था या मस्जिद है, इसकी जांच की जा रही है। इसके लिए 22 मार्च से सर्वे किया जा रहा है। इसी दौरान पांचवे दिन का सर्वेक्षण शुरू होने से पहले सुबह करीब 7.15 बजे हिंदू श्रद्धालु ऐतिहासिक परिसर में पहुंचे। वहां पहुंच कर पूजा अर्चना शुरू की इसके बाद एएसआई ने सर्वे किया।

11 मार्च को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने एएसआई को छह सप्ताह के भीतर भोजशाला परिसर का वैज्ञानिक सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया था। मध्यकालीन युग के इस स्मारक को हिंदू, देवी वाग्देवी (सरस्वती) का मंदिर मानते हैं। और मुस्लिम समुदाय इसे कमाल मौला मस्जिद कहता है।

अदालत के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एएसआई टीम ने 22 मार्च को आदिवासी बहुल जिले में विवादित परिसर में अपना सर्वेक्षण शुरू किया। भोज उत्सव समिति के उपाध्यक्ष बलवीर सिंह ने कहा कि एएसआई सर्वे से विवाद का बेहतर समाधान निकलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights