अखिलेश यादव नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली से मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने रविवार को कहा कि जो हुक्मरान दिल्ली में बैठे हुए हैं, वो ज्यादा दिन टिकने वाले नहीं हैं। बीजेपी 400 पार नहीं, बल्कि 400 पर हार का सामना करेगी। इसके साथ ही अखिलेश ने भाजपा को ब्रह्मांड में सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी करार दिया।

दिल्ली के रामलीला मैदान में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पहुंचे। निशाना सीधा मोदी सरकार पर रहा। उन्होंने इशारों में कहा कि हुक्मरान जो दिल्ली में बैठे हैं वो ज्यादा दिन रुकने वाले नहीं हैं। अखिलेश ने कहा कि दिल्लीवाले आज दिल्ली से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप 400 पार जा रहे हैं तो आपको आम आदमी पार्टी के नेता से डर क्यों है? इन्होंने दो राज्यों के सीएम को जेल में डाल दिया। अगर इन्हें 400 के लिए ईडी सीबीआई को आगे लाना पड़ रहा है, तब ये 400 पार नहीं 400 हारने जा रहे हैं।

दिल्ली आबकारी नीति संबंधी कथित घोटाले के आरोप में केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी की तरफ से आयोजित महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव सहित I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं ने हिस्सा लिया।

इससे पहले अखिलेश यादव ने भाजपा को ‘ब्रह्मांड में सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी’ करार देते हुए रविवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पूरी दुनिया में भारतीय जनता पार्टी की ‘थू-थू हो रही है।’ यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘अगर हम आंकड़े निकलेंगे तो ब्रह्मांड में इतना झूठ किसी ने नहीं बोला होगा, जितना भाजपा ने बोला है।

’ उन्होंने एक सवाल पर कहा, ‘अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ्तार करने से भाजपा की पूरी दुनिया में थू-थू हो रही है। यह तो साबित हो गया कि सरकार जो चाहे वह कर सकती है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जेल चले गए। अरविंद केजरीवाल जेल चले गए। विपक्ष के सब लोगों पर आरोप हैं लेकिन वह भारतीय जनता पार्टी जो उत्तर प्रदेश को लूट रही है, भ्रष्टाचार कर रही है क्या उसके खिलाफ कोई कार्रवाई होगी?’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights