कहां से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे रामदास आठवले? नहीं बनी बात, जानें वो मजबूरी

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख रामदास आठवले (Ramdas Athawale) इस बार लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन गठबंधन इसके आड़े आ गया है। इस बात का जिक्र खुद रामदास आठवले ने किया है। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने बुधवार को कहा कि वह महाराष्ट्र में शिरडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन गठबंधन की कुछ मजबूरियों के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।


महाराष्ट्र के एक प्रमुख दलित नेता रामदास आठवले ने नागपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक दल ‘रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए)’ के कार्यकर्ताओं ने उन्हें सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ रहने और केंद्रीय कैबिनेट में जगह मांगने की सलाह दी है।

राज्यसभा सदस्य आठवले ने कहा कि वह लोकसभा जाना चाहते हैं और इसके लिए शिरडी सीट से चुनाव लड़ने का प्रयास किया था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी के मौजूदा सांसद सदाशिव लोखंडे को शिरडी सीट देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इसलिए सीट नहीं दी जा सकती।आठवले ने कहा कि देशभर के आरपीआई (ए) कार्यकर्ताओं ने उनसे एनडीए के साथ रहने और कैबिनेट में जगह मांगने की सलाह दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के साथ चर्चा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights