दिल्ली शराब घोटाला मामले में बीआरएस नेता के. कविता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सीबीआई ने कोर्ट के आगे एक अहम राज खोला है। सीबीआई ने अदालत में कहा कि बीआरएस की नेता के. कविता ने अरबिन्दो फार्मा के प्रवर्तक शरत चंद्र रेड्डी को दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के तहत उनकी कंपनी को आवंटित पांच खुदरा क्षेत्र के लिए आम आदमी पार्टी को 25 करोड़ रुपये की राशि देने की कथित तौर पर ‘धमकी’ दी थी। सीबीआई के अनुसार, कविता ने रेड्डी से कहा था कि अगर वह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को पैसा नहीं देते हैं तो तेलंगाना और दिल्ली में उनके कारोबार को नुकसान पहुंचेगा।
दिल्ली में कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में आरोपी रेड्डी मामले में सरकारी गवाह बन गया है। इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है। सीबीआई ने अभी तक उसके खिलाफ कोई आरोपपत्र दाखिल नहीं किया है। बीआरएस नेता कविता से हिरासत में पूछताछ का अनुरोध करते हुए सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा को बताया कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता के ‘जोर देने पर और आश्वासन पर’, रेड्डी दिल्ली में शराब कारोबार से जुड़ा। कविता ने रेड्डी को कथित तौर पर आश्वासन दिया था कि उनके दिल्ली सरकार में संपर्क हैं और वह आबकारी नीति के तहत राष्ट्रीय राजधानी में शराब के कारोबार में उनकी मदद करेंगी जो अब निरस्त हो चुकी है।