एलन मस्क आ रहे हैं, भारत के लिए क्या-क्या लाएंगे? जानिए पूरी डिटेल

क्या है एलन मस्क की यात्रा का मकसद?
एलन मस्क पहली भारत यात्रा पर आ रहे हैं। वह पीएम मोदी से भी मिलेंगे। वह अपनी दो कंपनियों इलेक्ट्रिक कारें बनाने वाली टेस्ला और सैटलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक का काम भारत में शुरू करना चाहते हैं। कयास लग रहे हैं कि मस्क भारत में 2 से 3 बिलियन डॉलर के इन्वेस्टमेंट की बात कर सकते हैं।


नई EV पॉलिसी से कैसे साफ हुआ मस्क का रास्ता?
भारत में EV पर इंपोर्ट टैक्स 100 फीसदी था। मस्क इसमें रियायत चाहते थे। भारत सरकार ने EV पॉलिसी को मंजूरी दी। टैक्स 100 से घटाकर 15 फीसदी कर दिया बशर्ते कंपनी भारत में कम से कम 500 मिलियन डॉलर इन्वेस्ट करे और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाए। इससे मस्क का रास्ता साफ हुआ। अब देश के कई राज्य मस्क की यूनिट के लिए पलक पांवड़े बिछाए बैठे हैं।


टेस्ला के आने से भारत के लिए क्या बदल जाएगा?
भारत में टाटा, एमजी मोटर्स, महिंद्रा मुख्य तौर पर इलेक्ट्रिक कार कंपनियां हैं। पैसिंजर वीइकल सेल में दो फीसदी ही EV का सेग्मेंट है। भारत अपने मैन्युफैक्चरिंग मार्केट को मजबूत करना चाहता है। टेस्ला यूनिट लगाता है तो मेक इन इंडिया प्रॉजेक्ट को पंख लगेंगे। टेस्ला ने टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स से डील की है कि वह उससे अपने दुनिया भर के ऑपरेशन के लिए सेमिकंडक्टर चिप लेगी यानी टेस्ला भारत में सप्लाई चेन की भी इच्छुक हैं। टेस्ला भारत में मॉडल 2 की कारें बनाएगी। इसकी कीमत 25 लाख रुपये के करीब हो सकती है। भारत में पहले से ई-कारें बना रही कंपनियों के लिए कॉम्पिटीशन बढ़ेगा। लोगों को ज्यादा ऑप्शन मिलेंगे।


टेस्ला को भारत आने से क्या फायदा होगा?
टेस्ला की सेल में गिरावट दर्ज की गई है। सालाना कमाई भी पिछले दो साल से घटी है। इसकी वजह ये है कि उसे चीनी और यूरोपियन कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है। टेस्ला भारत आती है तो उसे नया कंस्यूमर बेस मिलेगा।


स्टारलिंक के लिए कौन-कौन सी दिक्कतें थीं?
स्टारलिंक भी भारतीय SATCom मार्केट में आने का सपना 2022 से देख रही है लेकिन कानूनी अड़चनें सामने आ गईं। 2023 में टेलिकॉम ऐक्ट पास कर भारत सरकार ने कुछ अड़चनें दूर की हैं। अब सरकार ने कहा है कि स्टारलिंक को लाइसेंस देने का रास्ता साफ हो गया है। बस गृह मंत्रालय की मंजूरी बाकी है। भारत में स्टारलिंक की एंट्री लगभग तय है। इससे लोगों को सैटलाइट आधारित इंटरनेट मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights