क्षत्रिय आंदोलन पर बोले अमित शाह, गुजरात में नामांकन से पहले ‘शक्ति प्रदर्शन’ करके भरी जीत की हुंकार

2024 लोकसभा चुनावों में गुजरात के गांधीनगर से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने क्षत्रिय आंदोलन पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। गांधीनगर में नामांकन से पहले भव्य रोड शो के दौरान शाह ने बीजेपी के राजकोट से उम्मीदवार परशोत्तम रूपाला का बचाव किया। शाह ने कहा कि उन्होंने दिल से माफी मांगी है। शाह ने यह बात एक इंटरव्यू में कही। गुजरात में केंद्रीय मंत्री परशोत्तम रूपाला की टिप्पणी से नाराज क्षत्रिय समाज का एक बड़ा हिस्सा टिकट रद्द करने की मांग कर रहा है। यह पहला मौका है जब 25 मार्च को विवाद खड़ा होने के बाद अमित शाह ने कोई प्रतिक्रिया दी है।

गांधीनगर में विराट रोड शो के दौरान एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान जब उनसे इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो अमित शाह ने कहा कि रूपाला जी ने दिल से माफी मांगी है। गुजरात की 26 की 26 सीटें पिछले चुनाव से भी ज्यादा बढ़त के साथ जीती जाएंगी। पूरब-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण चारों तरफ 400 पार का मूड है। केंद्रीय मंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र मे एक के बाद एक तीन रोड शो किए। आखिर में उन्होंने अहमदाबाद के वेजलपुर एक जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह ने अपने विराट रोड शो से संसदीय क्षेत्र का बड़ा हिस्सा टच किया। ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी पत्नी सोनल शाह पहले से प्रचार कर रही हैं।

मैं यहीं बड़ा हुआ हूं….
रोड शो में लोगों के भारी संख्या में स्वागत के लिए आने पर अमित शाह ने उनके ऊपर गुलाब के फूलों को फेंककर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर टाइम्स नाउ से बातचीत में शाह ने कहा कि गांधीनगर उनके लिए सबकुछ है। शाह ने कहा मैं यहीं पर बड़ा हुआ, यहीं से विधायक बना और फिर सांसद और पार्टी का अध्यक्ष, ऐसे में गांधीनगर मेरे लिए सबकुछ है। 1990 के दशक में लालकृष्ण आडवाणी के चुनाव लड़ने पर प्रचार और प्रबंधन का दायित्व अमित शाह ही संभालते थे। बीजेपी ने 2024 में चार सौ पार के स्लोगन के बीच गांधीनगर से 10 लाख वोटों से जीत का लक्ष्य रखा है। रोड शो में जहां भारी भीड़ उमड़ी तो वहीं इसमें शाह के परिवार ने हिस्सा लिया। उनकी पत्नी सोनल शाह भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights