अल्‍लू अर्जुन की ‘पुष्‍पा 2’ का पहला गाना रिलीज, ‘पुष्‍पा पुष्‍पा’ की रट पर एक्टर के हुक स्टेप ने किया क्रेजी

अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2’ के टाइटल ट्रैक का फैंस बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, और अब यह फाइनली रिलीज हो चुका है। सुबह से ही सोशल मीडिया पर ‘पुष्पा पुष्पा’ ट्रेंड कर रहा था और फैंस भी शाम के पांच बजने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही गाना सामने आया, तो फैंस झूम उठे। इसमें पुष्पा बने अल्लू अर्जुन ‘पुष्पा पुष्पा’ की रट पर अपना हुक स्टेप या यूं कहें कि सिग्नेचर स्टाइल करते नजर आए।

हालांकि ‘पुष्पा पुष्पा’ गाने में एक ट्विस्ट है। दरअसल मेकर्स ने ‘पुष्पा पुष्पा’ का वीडियो सॉन्ग नहीं, बल्कि लिरिकल रिलीज किया है। यानी वीडियो देखने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। पर फैंस लिरिकल में ही खुश हो गए हैं और तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। यूट्यूब पर यह गाना ट्रेंड कर रहा है। फैंस ताबड़तोड़ कमेंट कर रहे हैं।

एक फैन ने यूट्यूब पर कमेंट लिखा है, ‘तबाही आने वाली है, थाम लो।’ एक और फैन ने लिखा, ‘न बॉलीवुड का राज और ना हॉलीवुड का, अब सिर्फ पुष्पा राज’। एक और कमेंट है- अल्लू अर्जुन सर एकदम फायर हैं। इसी तरह के कमेंट्स के ‘पुष्पा पुष्पा’ गाना गुलजार है।

‘पुष्पा पुष्पा’ का म्यूजिक देवी श्री प्रसाद ने कंपोज किया है, जबकि इसे मीका सिंह और नकाश अजीज ने गाया है। देवी श्री प्रसाद ने ही RRR के गाने ‘नाटू नाटू’ के लिरिक्स लिखे थे, जिसने ऑस्कर जीता था। ‘पुष्पा 2’ 15 अगस्त को रिलीज होगी। फिल्म में अल्लू अर्जुन के अलावा फहाद फासिल, रश्मिका मंदाना और अनुसूया भारद्वाज हैं। ‘पुष्पा पुष्पा’ फिल्म का पहला सिंगल है, जिसे 6 भाषाओं में रिलीज किया गया है। इसे हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और बंगाली भाषाओं में रिलीज किया गया है। ‘पुष्पा: द राइज’ साल 2021 में रिलीज हुई थी और इसने पैन इंडिया धमाल मचा दिया था। बंपर कमाई की थी। अब अल्लू अर्जुन ‘पुष्पा 2’ से तहलका मचाने को तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights